Side Effects of Aluminium Foil: अगर आप फिश बेक कर रहे हैं, सब्जियां रोस्ट कर रहे हैं या रात के खाने के लिए नॉनवेज बना रहे हैं, तो बहुत चांसेज हैं कि आप खाने को एल्युमिनियम फॉयल में कवर कर के पका रहे हैं. या फिर इनको पकाने के बाद एल्युमिनियन फॉयल में लेपट कर रख देते हैं. लेकिन शायद आपको ये नहीं पता है कि इस तरह से खाना पकाने और पैक करते समय फॉयल का कुछ हिस्सा आपके खाने में मिल सकता है और ये आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है.
बचा हुआ खाना एल्युमिनियम फॉयल में रखना
कई लोग कहते हैं कि जब हम एल्युमिनियम के बर्तनों में खाना पकाते हैं तो फिर फॉयल से नुकसान कैसे हो सकता है? लेकिन सच्चाई ये है कि एल्युमिनियम के बर्तनों में खाना पकाना उतनी बड़ी समस्या नहीं है, जितना कि खाने को एल्युमिनियम फॉयल में लपेटकर ओवन में रखना. ये समस्या खासकर तब बढ़ जाती है जब खाना खट्टा या ज्यादा मसालेदार हो और उसे हाई टेंपरेचर पर पकाया गया हो.
अक्सर हम बचे हुए खाने को ज्यादा समय तक फ्रेश रखने के लिए एल्युमिनियम फॉयल में लपेटकर रखते हैं. कई बार हम कंटेनर के ऊपर फॉयल ढककर उसे स्टोर कर देते हैं ताकि बाद में फिर से खाया जा सके. लेकिन एक्सपर्ट के अनुसार इस तरह से खाना स्टोर करना सेफ नहीं माना जाता है.
क्या कहती है रिसर्च
International Journal of Electrochemical Science में पब्लिश एक रिसर्च के अनुसार, एल्युमिनियम फॉयल से धातु का हिस्सा अलग होकर खाने में मिल सकता है. ये प्रोसेस खासकर डिस्टिल्ड पानी, अम्लीय (acidic) और क्षारीय (alkaline) घोल में ज्यादा होती है.
रिसर्च में ये भी पाया गया कि खट्टे और पानी वाले फूड आइटम्स में एल्युमिनियम का रिसाव ज्यादा होता है, जबकि शराब या नमकीन घोल में ये अपेक्षाकृत कम होता है. इसके अलावा जब एल्युमिनियम फॉयल को हाई टेंपरेचर पर इस्तेमाल किया जाता है, तो खाने में धातु के मिलने की संभावना और बढ़ जाती है.
ऑक्सीजन के कारण खाना जल्दी खराब हो सकता है
एल्युमिनियम फॉयल में खाना स्टोर करने का एक और नुकसान ये भी है कि ये खाने को ऑक्सीजन से पूरी तरह नहीं बचा पाता. इससे खाने में बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जिसके कारण खाना जल्दी खराब हो सकता है. कई बार ऐसा खाना अगले दिन तक खराब भी हो सकता है.
बचा हुआ खाना स्टोर करने के सही तरीके
- एक्सपर्ट्स का कहना है कि एल्युमिनियम फॉयल की जगह क्लिंग रैप या ढक्कन वाले कंटेनर का इस्तेमाल करना ज्यादा सुरक्षित होता है. क्लिंग रैप खाने को ऑक्सीजन के संपर्क में आने से काफी हद तक बचाता है, जिससे खाना लंबे समय तक फ्रेश रह सकता है.
- अगर आपके पास क्लिंग रैप नहीं है तो ढक्कन वाले कंटेनर में खाना स्टोर करना ज्यादा बेहतर ऑप्शन है. ध्यान रखें कि खाना कंटेनर में रखने से पहले कमरे के टेंपरेचर तक ठंडा हो जाना चाहिए.
- इसके अलावा आप बचे हुए खाने को फ्रीजर में अलग-अलग बैग या कंटेनर में स्टोर कर सकते हैं. इससे खाना सुरक्षित भी रहता है और बाद में इस्तेमाल करना भी आसान हो जाता है.
History of Samosa- Swaad Ka Safar | समोसे का इतिहास | जानें ईरान से भारत कैसे पहुंचा समोसा