SpiceJet Boeing 737 Mayday Call: दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट बोइंग 737 के पायलट अचानक मेडे, मेडे, मेडे चिल्लाने लगे. टेकऑफ के तुरंत बाद इंजन फेल होने के कारण 150 यात्रियों के साथ उड़ान भर रहे विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई. करीब एक घंटे तक प्लेन हवा में रहा और काफी देर तक उसमें सवार लोगों की सांसें भी अटकी रहीं. आखिरकार जब विमान ने दिल्ली में लैंड किया तो यात्रियों ने राहत की सांस ली. आज हम आपको बताएंगे कि आखिर स्पाइसजेट बोइंग 737 के पायलट इंजन फेल होने के बाद Mayday, Mayday, Mayday क्यों चिल्लाने लगे और इस कॉल का मतलब क्या होता है.
पायलट ने एटीसी को दी जानकारी
लेह के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद जब स्पाइसजेट के पायलट को लगा कि कुछ गड़बड़ है तो उन्होंने मेडे कॉल दिया. इस दौरान पायलट की तरफ से दिल्ली एयरपोर्ट पर मौजूद एटीसी अधिकारियों को बताया गया कि प्लेनमें तकनीकी खराबी आई है. प्रोटोकॉल के मुताबिक इस इमरजेंसी सिचुएशन के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर तमाम जरूरी तैयारियां की गई थीं, जिसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार दिया गया.
क्यों दिया जाता है Mayday कॉल?
पैसेंजर प्लेन को उड़ाने वाले पायलट्स को हर हालात के लिए ट्रेनिंग दी जाती है. इसी ट्रेनिंग में ये भी बताया जाता है कि जब भी इमरजेंसी जैसे हालात हों तो क्या करना है. इंजन फेल होने या फिर किसी तकनीकी खराबी के बाद पायलट को तीन बार Mayday, Mayday, Mayday कहना होता है. ये एक डिस्ट्रेस कॉल है और इसे सुनते ही तमाम एटीसी अधिकारी तुरंत मदद के लिए संपर्क करते हैं. जब एटीसी से संपर्क नहीं हो पाता है तो आसपास के किसी विमान को मेडे कॉल दी जाती है.
Mayday कॉल के बाद क्या होता है?
किसी पायलट की तरफ से मेडे कॉल मिलने के बाद उस फ्रीक्वेंसी को उसी फ्लाइट के लिए रिजर्व कर लिया जाता है. तमाम बड़े एटीसी अधिकारी पायलट से संपर्क करने की कोशिश करते हैं और उसे बताया जाता है कि सेफ लैंडिंग कैसे और कहां करनी है. तमाम प्लेन क्रैश के मामलों में पायलट प्लेन क्रैश से पहले लगातार Mayday, Mayday, Mayday चिल्लाते हैं.













