LPG Shortage: सिलेंडर के लिए नहीं लगानी पड़ेगी लाइन, घर पर गैस बनाकर ऐसे जला सकते हैं अपना चूल्हा

LPG Shortage: अगर LPG सिलेंडर की परेशानी से छुटकारा पाना चाहते हैं तो घर के कचरे से बायोगैस बनाना एक आसान तरीका हो सकता है. जानिए घर पर छोटा बायोगैस प्लांट लगाने की प्रक्रिया, खर्च और इसके फायदे.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
गोबर से ऐसे बना सकते हैं बायोगैस

LPG Crisis: रसोई गैस आज हर घर की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है, लेकिन हाल के समय में LPG सिलेंडर को लेकर लोगों की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. कहीं गैस के लिए लंबी लाइन लग रही है तो कहीं ब्लैक में महंगे दाम देने पड़ रहे हैं. ऐसे हालात में अगर कोई तरीका मिल जाए जिससे घर बैठे ही कुकिंग गैस तैयार हो जाए, तो इससे बेहतर क्या हो सकता है. अच्छी बात ये है कि ऐसा संभव है और वो भी बहुत आसान तरीके से. घर के गीले कचरे, गोबर और बचे हुए खाने से आप अपना छोटा सा बायोगैस प्लांट बना सकते हैं. ये तरीका न सिर्फ पैसे बचाता है बल्कि कचरे की समस्या भी कम करता है. अगर आप ऐसी जगह रहत हैं, जहां बायोगैस प्लांट लगाना मुमकिन है तो आराम से आप इस तरीके को अपना सकते हैं. 

घर पर कैसे बनाएं बायोगैस प्लांट

  • बायोगैस प्लांट बनाने के लिए दो बड़े प्लास्टिक ड्रम या टैंक की जरूरत होती है. एक करीब 1000 लीटर का और दूसरा लगभग 750 लीटर का होना चाहिए ताकि छोटा ड्रम बड़े ड्रम के अंदर फिट हो सके.
  • सबसे पहले बड़े ड्रम में एक पाइप लगाई जाती है जहां से कचरा या गोबर डाला जाएगा.
  • इसी ड्रम में एक दूसरी पाइप भी लगाई जाती है जहां से स्लरी यानी बचा हुआ वेस्ट बाहर निकलता है.
  • इसके बाद छोटे ड्रम को बड़े ड्रम के अंदर उल्टा रख दिया जाता है. गैस बनने पर ये छोटा ड्रम धीरे-धीरे ऊपर उठने लगता है.
  • छोटे ड्रम के ऊपर एक वाल्व और नली लगाई जाती है जिसे सीधे गैस चूल्हे से जोड़ दिया जाता है.
  • शुरुआत में गोबर और पानी को बराबर मात्रा में मिलाकर टैंक में डाला जाता है.
  • इसके बाद इसे कुछ दिनों तक ऐसे ही छोड़ दिया जाता है, ताकि फर्मेंटेशन की प्रक्रिया शुरू हो सके और गैस बनने लगे.

इसमें क्या-क्या डाला जा सकता है

बायोगैस बनाने के लिए घर का ज्यादातर गीला कचरा इस्तेमाल किया जा सकता है. जैसे गोबर, सब्जियों और फलों के छिलके, बचा हुआ खाना, खराब अनाज, घास-फूस और बाकी गीला कचरा. ये सब धीरे-धीरे सड़कर गैस में बदल जाता है.

बायोगैस प्लांट लगाने में कितना खर्च

  • अगर आप खुद जुगाड़ करके प्लांट बनाते हैं तो छोटे घरेलू प्लांट के लिए करीब 5000 से 8000 रुपये तक खर्च आ सकता है.
  • अगर बाजार से रेडीमेड पोर्टेबल बायोगैस प्लांट खरीदते हैं तो इसकी कीमत करीब 15000 से 25000 रुपये तक हो सकती है.
  • ये एक बार का खर्च होता है और इसके बाद गैस लगभग फ्री मिलती रहती है.
  • कई राज्यों में सरकार इस पर सब्सिडी भी देती है. 

बायोगैस के फायदे

बायोगैस का सबसे बड़ा फायदा ये है कि रसोई गैस का खर्च लगभग खत्म हो जाता है. इसके अलावा गैस बनने के बाद जो वेस्ट बचता है वो पौधों के लिए बेहतरीन जैविक खाद बन जाता है. इससे घर का कचरा भी सही तरीके से खत्म होता है और पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचता.

OBC क्रीमी लेयर क्या है? जानें कैसे हुई इसकी शुरुआत और किन लोगों नहीं मिलता है आरक्षण

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Iran Israel War | क्या ईरान ने पकड़ लिया अमेरिकी पायलट? Trump | Iran Attack On US