Joint Director के बेटे Shivam ने पहले ही प्रयास में मारी बाजी, बनेंगे GST असिस्टेंट कमिश्नर

UPPSC PCS 2024 Final Result : यूपीपीसीएस 2024 के नतीजे घोषित. जानें प्रयागराज के शिवम विश्वकर्मा की कहानी, जिन्होंने पहले ही प्रयास में 58वीं रैंक पाकर GST असिस्टेंट कमिश्नर का पद हासिल किया.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
2016 में शिवम का चयन मालवीया नेशनल इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी जयपुर में हो गया था.

UPPCS 2024 Final Result Out: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा पीसीएस 2024 का फाइनल रिजल्ट रविवार देर रात घोषित होने के बाद प्रदेश भर में विभिन्न पदों पर चयनित हुए अभ्यर्थियों के बीच खुशी की लहर है. प्रयागराज स्थित यूपी लोक सेवा आयोग के मुख्यालय की तरफ से घोषित किए गए यूपीपीसीएस 2024 के रिजल्ट में इस बार टॉप टेन में छह लड़कियों ने जगह बनाई है. नेहा पंचाल ने पहली पोजीशन लाकर जहां यूपीपीसीएस 2024 में टॉप किया है वहीं अब प्रदेश भर से तमाम ऐसे अभ्यर्थियों की संघर्षपूर्ण कहानियां सामने आने लगी है जिन्होंने यूपीपीसीएस 2024 में बाजी मारी है. 

पारिवारिक पृष्ठभूमि और शिक्षा

एक ऐसी ही कहानी है प्रयागराज में शिवम विश्वकर्मा की. शिवम के पिता आरएन विश्वकर्मा इस समय संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा प्रयागराज के पद पर तैनात है. शिवम विश्वकर्मा को यूपीपीसीएस 2024 में ओबीसी वर्ग में 58वीं रैंक मिली है. शिवम के पिता आरएन विश्वकर्मा मूल रूप से बांदा के रहने वाले है. आरएन विश्वकर्मा पिछले काफी सालों से प्रयागराज में तैनात है. पहले यहीं डिस्ट्रिक्ट इंस्पेक्टर ऑफ स्कूल (DIOS) थे और फिर प्रमोशन के बाद अब प्रयागराज में माध्यमिक शिक्षा में संयुक्त निदेशक के पद पर तैनात है. शिवम विश्वकर्मा यूपी लोक सेवा आयोग 2024 में 58वीं रैंक हासिल कर असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी बने है. 

शिवम की इस बड़ी सफलता पर परिवार में जश्न का माहौल है. शिवम विश्वकर्मा की मां प्रतिभा विश्वकर्मा प्रयागराज के डॉक्टर घोष मॉडर्न इंटर कॉलेज में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है जबकि उनकी बड़ी बहन शिवानी विश्वकर्मा प्रयागराज में ही आर्य कन्या पीजी कॉलेज में इंग्लिश की असिस्टेंट प्रोफेसर है. शिवम विश्वकर्मा की शुरुआती पढ़ाई स्थित सरस्वती शिशु मंदिर, अल्लापुर से हुई है. इसके बाद शिवम ने जूनियर से लेकर इंटरमीडिएट तक की शिक्षा सिविल लाइंस स्थित ज्वाला देवी इंटर कॉलेज से हासिल की है. यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में 2015 में शिवम विश्वकर्मा की प्रदेश में सातवीं रैंक आई थी और जिले में शिवम विश्वकर्मा ने टॉप किया था. 

10-12 घंटे की कड़ी मेहनत और सफलता का मंत्र

2016 में शिवम का चयन मालवीया नेशनल इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी जयपुर में हो गया था. उन्होंने जयपुर स्थित एमएनआईटी से बीटेक सिविल इंजीनियरिंग की शिक्षा ग्रहण की. शिवम विश्वकर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है. शिवम विश्वकर्मा का यह पहला प्रयास था और पहले प्रयास में ही उन्हें यह सफलता मिली है. शिवम ने बताया कि उन्होंने इस सफलता के लिए हर दिन 10 से 12 घंटे कड़ी मेहनत की है. 

Advertisement

फिलहाल शिवम विश्वकर्मा लखनऊ में है और पीसीएस मेंस 2025 की परीक्षा दे रहे है. यह परीक्षा 29 मार्च से एक अप्रैल के बीच प्रयागराज और लखनऊ में आयोजित की जा रही है. बता दें कि यूपी लोक सेवा आयोग द्वारा यूपीपीसीएस 2024 का फाइनल रिजल्ट आने के बाद प्रदेश में नेहा पंचाल ने पहली रैंक लाकर बाजी मारी है. वहीं टॉप टेन में अनन्या त्रिवेदी दूसरे और अभय प्रताप सिंह को तीसरा स्थान मिला है. 947 पदों के सापेक्ष 932 अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा सफल घोषित किया गया है. चयनित 932 अभ्यर्थियों में से 613 पुरुष और 319 महिलाएं है. 

पीसीएस में सम्मिलित कुल 24 प्रकार के पदों/सेवाओं के लिए चयन किया गया है. आयोग के सचिव अशोक कुमार ने विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है कि पीसीएस 2024 की मुख्य परीक्षा का रिजल्ट चार फरवरी 2026 को घोषित किया गया था. मुख्य परीक्षा में 2719 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किए गए थे. 

Advertisement


विज्ञप्ति में बताया गया है कि याचिका संख्या-5254/2025 रिशीष प्रकाश बनाम यूपी लोक सेवा आयोग व एक अन्य और 14 सम्बद्ध याचिकाओं में इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में 20 मार्च 2026 के माध्यम से दो और अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए औपबन्धिक रुप से सफल घोषित किया गया था. इंटरव्यू के लिए सफल घोषित अभ्यर्थियों का इंटरव्यू यूपी लोक सेवा आयोग द्वारा 26 फरवरी 2026 से 23 मार्च 2026 तक सम्पन्न किया गया जिसमें 21 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. प्रश्नगत परीक्षा में सम्मिलित कुल 24 प्रकार के पदों/सेवाओं हेतु उपलब्ध 947 रिक्तियों के सापेक्ष 932 अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा सफल घोषित किया गया है. 

व्यवस्थाधिकारी पद की एक रिक्ति एवं व्यवस्थापक पद की 14 रिक्तियां उपयुक्त अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण अनभरी रह गयी है जिन्हें आयोग द्वारा नियमानुसार अग्रेनीत किए जाने की संस्तुति की गई है. आयोग की तरफ से कहा गया है कि इस परीक्षा रिजल्ट से सम्बन्धित अभ्यर्थियों के प्राप्तांक तथा श्रेणीवार / पदवार कटऑफ अंकों की सूचना शीघ्र ही आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी. इस आशय की सूचना समाचार पत्रों में भी प्रकाशित की जाएगी. यूपीपीसीएस MAINS की लिखित परीक्षा 29 जून 2025 से 2 जुलाई 2025 तक प्रयागराज और लखनऊ के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी. मेंस परीक्षा में कुल 13776 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे.

Featured Video Of The Day
बिरयानी में चिकन लेग पीस नहीं मिला तो महाभारत में तब्दील हुई शादी, जमकर काटा बवाल