UP Police Bharti 2025: यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा की तारीखों का ऐलान, 8 से 10 जून के बीच होगा इम्तिहान

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीबीपीबी) की ओर से मंगलवार को जारी सूचना के अनुसार सिपाही भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 8 जून (सोमवार), 9 जून (मंगलवार), और 10 जून (बुधवार) को आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा तीनों दिनों में दो-दो पालियों में कराई जाएगी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं को योगी आदित्यनाथ सरकार ने वर्तमान सिपाही भर्ती प्रक्रिया में बड़ी राहत दी है.

UP Police Bharti 2025 exam date : उत्तर प्रदेश में खाकी वर्दी पहनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. योगी सरकार ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रदेश के 32,679 पदों के लिए लिखित परीक्षा जून के महीने में आयोजित की जाएगी.

यह भी पढ़ें- LIC AAO और AE मेन्स रिजल्ट 2026 का रिजल्ट जारी, ऐसे करें चेक

UP Police Bharti 2025 exam date : यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा की तारीख क्या है

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीबीपीबी) की ओर से मंगलवार को जारी सूचना के अनुसार सिपाही भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 8 जून (सोमवार), 9 जून (मंगलवार), और 10 जून (बुधवार) को आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा तीनों दिनों में दो-दो पालियों में कराई जाएगी.

अधिकतम आयु सीमा में छूट

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं को योगी आदित्यनाथ सरकार ने वर्तमान सिपाही भर्ती प्रक्रिया में बड़ी राहत दी है. अभ्यर्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर प्रस्तावित सीधी भर्ती-2025 के लिए अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त तीन वर्ष का शिथिलीकरण प्रदान किया गया है.

सरकार द्वारा यह निर्णय उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली-1992 के नियम-3 के आलोक में लिया गया. यह फैसला 31 दिसंबर 2025 को जारी भर्ती विज्ञप्ति के अनुक्रम में 5 जनवरी 2026 को जारी शासनादेश के माध्यम से लागू किया गया, जिससे बड़ी संख्या में ऐसे अभ्यर्थियों को अवसर मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ जो आयु सीमा के कारण अब तक भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो रहे थे.

बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा वर्ष 2024 में प्रदेश में कांस्टेबल के कुल 60,244 पदों पर भर्तियां की गई थीं. यह प्रदेश सरकार की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती थी. भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित सभी पदों में से 20 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखते हुए उन्हें नियुक्ति प्रदान की गई है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
Rahul Gandhi vs BJP: संसद में किताब को लेकर सियासी संग्राम, Nishikant Dubey का बड़ा बयान