'नौकरी गंवाने वाले इसे एक मौके की तरह देखें', Oracle में भयंकर छंटनी के बीच Perplexity के CEO का बयान

Oracle Mass Layoff: ओरेकल में भारी छंटनी के बीच एआई स्टार्टअप 'परप्लेक्सिटी' के सीईओ अरविंद श्रीनिवास ने एक बयान दिया है, जिसे लेकर लोग रिएक्ट कर रहे हैं. उनका कहना है कि नौकरी खोने वाले लोगों के लिए ये एक बड़े मौके की तरह है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Oracle Mass Layoff: ओरेकल में AI ने खाई हजारों नौकरियां

Oracle Mass Layoff:  दिग्गज आईटी कंपनी Oracle ने करीब 30 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है. इसमें भारत के करीब 12 हजार लोग शामिल हैं. कंपनी के इस बड़े कदम के बाद छंटनी में बाहर हुए कई कर्मचारी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं, जिनमें कोई अपनी लंबी नौकरी का जिक्र कर रहा है तो किसी के सामने संकट खड़ा हो चुका है कि वो अब क्या करें. बताया जा रहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के चलते इन हजारों लोगों को नौकरी से हाथ धोना पड़ा है. इसी बीच परप्लेक्सिटी (Perplexity) AI के CEO का एक बयान चर्चा में आया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि नौकरी जाने के बाद क्या कर सकते हैं.

Perplexity के सीईओ ने दी ये सलाह

एआई स्टार्टअप 'परप्लेक्सिटी' के सीईओ अरविंद श्रीनिवास ने नौकरी गंवाने वाले लोगों को खुद का बिजनेस शुरू करने की सलाह दी है, जिसने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है. श्रीनिवास का कहना है कि एआई टूल्स की मदद से लोग नए स्किल सीख सकते हैं और खुद की कमाई का एक जरिया बना सकते हैं. उनका कहना है कि निकाले गए लोगों को इसे एक मौके की तरह देखना चाहिए. 

नौकरी से खुश नहीं हैं कई लोग

एक पॉडकास्ट में बात करते हुए सीईओ अरविंद श्रीनिवास ने कहा कि कई लोग अपनी नौकरी से खुश नहीं होते हैं, ऐसे में नए एआई टूल्स उन्हें छोटे बिजनेस खड़े करने में मदद कर सकते हैं. ऐसे लोगों के लिए ये एक बड़े मौके की तरह है. एआई से नौकरियों के खतरे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही शुरुआत में कुछ समय के लिए लोगों को अपनी नौकरियों से हाथ धोना पड़े, लेकिन लोगों को एआई से पैदा होने वाली लंबे समय की संभावनाओं पर ध्यान देना चाहिए. 

बयान के बाद मचा बवाल

ओरेकल में हुई भारी छंटनी के बीच आए परप्लेक्सिटी के सीईओ अरविंद श्रीनिवास के इस बयान पर बवाल मच गया है. लोगों का कहना है कि एक तरफ एआई नौकरियां खा रहा है और लोग नौकरी जाने से काफी परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ एआई कंपनी चलाने वाले श्रीनिवास उन्हें बिजनेस करने की सलाह दे रहे हैं. लोगों का कहना है कि किसी के लिए भी नौकरी जाने के बाद बिजनेस शुरू करना इतना आसान नहीं होता है. 

Advertisement
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा कि एक सीईओ ने, जो करोड़ों का मालिक है... उस सिंगल मदर को सलाह दी है, जिसकी नौकरी चली गई है और जो काफी परेशान है. वो उसे कह रहे हैं कि अब उनके एआई प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर वो बिजनेस शुरू कर सकती है. सीईओ ने बेरोजगारी को शानदार भविष्य का नाम दे दिया. 

कई लोगों ने किया समर्थन

सोशल मीडिया पर कई लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने परप्लेक्सिटी के सीईओ अरविंद श्रीनिवास के बयान का समर्थन किया है. उनका कहना है कि इस वक्त पॉजिटिव रहने की जरूरत है और वाकई स्किल सीखकर अच्छे भविष्य की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं. इन लोगों का कहना है कि परप्लेक्सिटी के सीईओ ने सही सलाह दी है, जिसका इस्तेमाल लोग प्रैक्टिकल होकर कर सकते हैं. 

अरब देशों में भारतीय कामगार, किस सेक्टर में सबसे ज्यादा लोग, लाखों नौकरियों पर संकट

Featured Video Of The Day
Trump LIVE: ईरान की सेना हमारे काबू में... ट्रंप ने ईरान से जंग पर किया बड़ा ऐलान | Israel Iran War