- उत्तर प्रदेश कैडर की IAS दिव्या मित्तल ने अभ्यर्थियों को हिम्मत न हारने का प्रेरणादायी वीडियो संदेश दिया है
- दिव्या मित्तल ने युवाओं को संघर्ष में रुकने की बजाय थकने पर आराम करने और फिर से प्रयास करने की सलाह दी है
- उनके वीडियो संदेश को युवाओं ने मां के स्नेहपूर्ण शब्दों के समान माना है
IAS Divya Mittal: जब लगातार असफलताएं पैर खींचने लगें और रास्तों में सिर्फ अंधेरा नज़र आए, तब सही समय पर मिला एक प्रेरणादायी शब्द इंसान को गिरकर फिर से खड़े होने का हौसला देता है. उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के एक भावुक वीडियो संदेश ने आज की Gen Z और निराशा से जूझ रहे लाखों अभ्यर्थियों के भीतर फिर से लड़ने की आग जला दी है. संघर्ष के दिनों में 'हौसला न हारने' का उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर इस कदर वायरल हो रहा है कि इसे देखकर भावुक हुए अभ्यर्थियों ने कह दिया-"मैडम, आपकी बातें सुनकर लगता है जैसे हम अपनी मां को सुन रहे हैं."
ias divya mittal Instagram motivational post viral motion upsc aspirants
आईएएस दिव्या मित्तल के वे शब्द, जिन्होंने छू लिया सबका दिल
आईएएस दिव्या मित्तल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक मोटिवेशनल वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने युवाओं के नाम जो प्रेरक पंक्तियां साझा की हैं, वे जस की तस इस प्रकार हैं.
"थक जाओ तो सो लेना, मन भर आए तो रो लेना, पर रुकना मत. क्योंकि रुक जाओगे तो उस शख्स के साथ नाइंसाफी होगी जिसने शुरू करने की हिम्मत दिखाई थी. हिम्मत दिखाई थी जबकि उसे पता था रास्ता मुश्किल है. पता था राह में कांटे चुभेंगे, पैर के छाले रिसेंगे. पर उसने फिर भी इस रास्ते को चुना था, क्योंकि उसकी आंखों ने मंज़िल का सपना बुना था.
आज अंधेरा शायद थोड़ा ज़्यादा गहरा है, रास्ते पे सन्नाटे का पहरा है. पर तुम्हारी आंखों का कोहरा एक दिन छंटेगा. इस ज़िद्द को पकड़े रहना, इसी से सवेरा निकलेगा. और फिर जब मंज़िल के उस पार पहुँच जाओगे, तो वो तुम्हारा बीता हुआ कल तुम्हें शुक्रिया अदा करेगा. और कहेगा- धन्यवाद, तुमने मेरी हिम्मत को टूटने नहीं दिया. इसलिए, थक जाओ तो सो लेना, मन भर आए तो रो लेना, पर मेरे दोस्त, रुकना मत."
वीडियो पर भावुक प्रतिक्रियाएं: लगता है अपनी मां की बातें सुन रहे हैं...
आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के इस संदेश पर कमेंट सेक्शन में युवाओं का प्यार और दर्द दोनों छलक पड़ा है.
मां की छवि का अहसास: मिर्जापुर के जयकुमार पांडे ने लिखा, "मैडम आपका कार्य और आपका विचार सराहनीय है. आपका शब्द सुनकर ऐसा लगता है कि हम सब अपनी मां का शब्द सुन रहे हैं." वहीं चंद्र प्रताप नारायण सिंह ने लिखा, "मैं आपको जब भी देखता हूं, मुझे तुरंत आप मेरी मां जैसे लगने लगती हैं. मेरी मां भी मुझे रोज कुछ ना कुछ समझाती हैं. यदि आपसे कहीं पर भी मुलाकात हुई तो एक बार मां आपको जरूर बोलूंगा."
टूटे मनोबल को मिली ताकत: 'abhi2025civil' ने लिखा कि कभी-कभी मन करता है कि तैयारी छोड़ दें, पर कुछ लोगों की उम्मीदों के सहारे चल रहे हैं. वहीं 'n_e_e_r_mahar08' ने दो अटेम्प्ट के बाद पैटर्न बदलने और गांव से सपोर्ट न मिलने का दर्द साझा करते हुए लिखा कि इस संदेश ने उन्हें टूटने से बचा लिया.
गुरु पूर्णिमा पर बनाया मार्गदर्शक: अभय जादौन ने लिखा कि गुरु पूर्णिमा के दिन यह वीडियो सामने आना ईश्वर का संकेत था और उन्होंने दिव्या मित्तल को अपना गुरु मानकर दोबारा समर्पण के साथ तैयारी का संकल्प लिया.
जनता का आजीवन आभार: सलोनी गुप्ता, शिखर श्रीवास्तव और आयुष जैसे यूजर्स ने देवरिया व मिर्जापुर की पूर्व डीएम के रूप में उनके सरल स्वभाव, मृदु भाषी व्यक्तित्व और निष्ठावान विकास कार्यों को याद कर आभार जताया.
ias divya mittal Instagram motivational post viral motion upsc aspirants
IAS दिव्या मित्तल कौन हैं? IIT-IIM से UPSC ऑल इंडिया 68वीं रैंक तक का शानदार सफर
3 नवंबर 1983 को दिल्ली में जन्मीं आईएएस दिव्या मित्तल का अपना सफर भी लाखों युवाओं के लिए एक मिसाल है.
- उच्च शिक्षा: उन्होंने IIT से B.Tech. और IIM से PGDM की डिग्री हासिल की है. आईएएस दिव्या मित्तल के पति IAS गगनदीप सिंह भी इंजीनियरिंग के स्टूडेंट रहे हैं.
- UPSC में सफलता: कॉर्पोरेट जगत के बजाय जनसेवा को चुनते हुए उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2012 में ऑल इंडिया 68वीं रैंक हासिल की.
- प्रशासनिक अनुभव: आईएएस की ट्रेनिंग के बाद 2013 कैडर की अधिकारी दिव्या मित्तल को साल 2015 में मेरठ में जॉइंट मजिस्ट्रेट के रूप में पहली पोस्टिंग मिली. इसके बाद उन्होंने संत कबीरनगर (2020), मिर्जापुर (2022) और देवरिया (2024) की जिलाधिकारी (DM) के रूप में सेवाएं दीं.
- वर्तमान तैनाती: IAS दिव्या मित्तल वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग में विशेष सचिव (लखनऊ) के पद पर कार्यरत हैं.
यह भी पढ़ें- IAS दिव्या मित्तल: जिस गांव में कुंवारे रह जाते थे लड़के! महिला DM ने ऐसे बदली वहां की तकदीर?
यह भी पढ़ें- IAS दिव्या मित्तल: मिर्जापुर की जनता के लिए 'DM बेटी वाला प्यार'! बुजुर्ग के पैर छूने का VIDEO वायरल