झारखंड: भाजपा नेता के घर फायरिंग का खुलासा… 3 दिन में पुलिस ने दबोचे शातिर, देसी पिस्टल और कारतूस जब्त

झारखंड में भाजपा नेता के घर हुई फायरिंग का पुलिस ने तीन दिन में खुलासा कर दिया. तीन शातिर अपराधियों को हथियार और स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया गया है, जिनका पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
झारखंड में भाजपा नेता के घर हुई फायरिंग का पुलिस ने तीन दिन में खुलासा कर दिया.

Jharkhand News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में भाजपा नेता के घर हुई फायरिंग की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी थी, लेकिन अब पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश कर बड़ा खुलासा किया है. महज तीन दिन के अंदर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस वारदात में शामिल तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार और वाहन भी बरामद किया गया है, जिससे पूरे मामले की कड़ियां साफ हो गई हैं.

स्पेशल टीम बनाकर की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई

घटना आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती की है, जहां भाजपा नेता सपन कुमार दास के घर पर फायरिंग की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैय्या के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर तेजी से छापेमारी करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

हथियार और स्कूटी बरामद, पहले भी कर चुके हैं वारदात

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान चंदन गोराई उर्फ चंदन बच्चा, राजू कुम्हार उर्फ राजू टाकला और प्रेम कुमार सिंह उर्फ जानी के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है. जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और ये 3 अप्रैल को सालडीह बस्ती में हुए पथराव और हथियार लहराने की घटना में भी शामिल थे.

अलग-अलग जगहों के रहने वाले हैं आरोपी

पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रेम कुमार सिंह बिहार के नालंदा का रहने वाला है, जबकि चंदन गोराई गालुडीह और राजू कुम्हार नीमडीह का निवासी है. तीनों मिलकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनकी साजिश नाकाम हो गई.

Advertisement

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस पूरे अभियान में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, एएसआई सुनील कुमार सिंह, सतीश कुमार वर्णवाल और सशस्त्र बल के जवानों ने अहम भूमिका निभाई. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.

यह भी पढ़ें- जयपुर में चला बुलडोजर… 20 करोड़ की सरकारी जमीन से हटाया कब्जा, 11 पक्के मकान भी ढहाए

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti | Bengal Election 2026 | 'M फैक्टर' Vs UCC, अमित शाह ने पूरा गेम बदल दिया? Muslim