ACB Action: ब्लॉक सप्लाई ऑफिसर 50000 रुपये की घूस लेते गिरफ्तार, इस महीने रिश्वतखोरी में 7 पर शिकंजा

झारखंड के साहिबगंज में एसीबी की टीम ने घूसखोर ब्लॉक सप्लाई ऑफिसर (Block Supply Officer) को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फाइल फोटो
Jharkhand:

झारखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) लगातार घूसखोर कर्मचारियों और अधिकारियों पर शिकंजा कस रही है. भ्रष्टाचार के विरुद्ध चल रहे अभियान में एसीबी की दुमका इकाई ने गुरुवार (19 मार्च) को साहिबगंज जिले के बरहरवा में बड़ी कार्रवाई की है. यहां एसीबी की टीम ने घूसखोर ब्लॉक सप्लाई ऑफिसर (Block Supply Officer) को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है. एसीबी की टीम ने ब्लॉक सप्लाई ऑफिसर निरंजन कुमार को एक जन वितरण प्रणाली डीलर से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. 

एसीबी के मुताबिक, आरोपी अधिकारी राशन की आपूर्ति और विभागीय कार्यों को सुचारु रूप से चलाने के नाम पर रिश्वत की मांग कर परिवादी को परेशान कर रहे थे. वहीं पीड़ित डीलर ने जब एसीबी की टीम से शिकायत की तो जाल बिछाकर बैठी एसीबी की टीम ने जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की पहली किस्त हाथ में ली, उसे दबोच लिया.

मार्च महीने में सातवीं गिरफ्तारी

झारखंड में मार्च महीने में रिश्वतखोरी के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई में यह सातवीं गिरफ्तारी है. बीते 17 मार्च को CBI ने बोकारो के भोजूडीह में दक्षिण पूर्व रेलवे के एक जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) को बिजली कनेक्शन देने के नाम पर 15,000 रुपए की घूस लेते पकड़ा था. इससे पहले 13 मार्च को देवघर में रिंग रोड परियोजना के मुआवजे की राशि जारी करने के बदले 5 प्रतिशत कमीशन मांग रहे जिला भू-अर्जन कार्यालय के दो कर्मियों, निरंजन और नुनु देव, को एसीबी ने गिरफ्तार किया था. 

वहीं, 12 मार्च को हजारीबाग एसीबी की टीम ने कोडरमा के चंदवारा थाना में पदस्थापित दारोगा पवन कुमार राम को शराब मामले को रफा-दफा करने के एवज में 15 हजार रुपए लेते गिरफ्तार किया था. उसी दिन गुमला जिले के विशुनपुर में एक महिला पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को कुएं की मरम्मत का बिल पास करने के नाम पर 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया.

Advertisement

जांच एजेंसियां अब आरोपियों के आय से अधिक संपत्ति के विवरण और उनके सिंडिकेट की भी पड़ताल कर रही हैं. एसीबी ने राज्य की आम जनता से अपील की है कि वे सरकारी दफ्तरों में किसी भी काम के बदले 'कमीशन' न दें और यदि कोई कर्मचारी रिश्वत का दबाव बनाता है, तो तुरंत टोल-फ्री नंबर या संबंधित ब्यूरो कार्यालय में इसकी सूचना दें.

यह भी पढ़ेंः TMC से निलंबित बाहुबली नेता शेख शाहजहां की बढ़ी मुश्किलें, कोलकाता हाई कोर्ट ने खारीज की जमानत याचिका

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran Israel War: ईरान का 'मिशन Blood' ख़ून का बदला ख़ून? | Mojtaba Khamenei | LPG | Oil | Netanyahu