सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) अचानक थम गया है. भारत सहित दुनिया के कई देशों में यूजर्स को प्लेटफॉर्म एक्सेस करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. आज रात लगभग 8:30 बजे से ही दुनियाभर के लाखों यूजर्स को अपनी टाइमलाइन लोड करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
टाइमलाइन पर आ रहा एरर
DownDetector की रिपोर्ट के अनुसार, भारत सहित कई बड़े देशों में यूजर्स को 'Something went wrong' और 'Cannot retrieve posts' जैसे एरर मैसेज मिल रहे हैं, जिससे प्लेटफॉर्म पर सन्नाटा पसरा हुआ है. ऐप और डेस्कटॉप दोनों ही माध्यमों पर यह तकनीकी समस्या देखी जा रही है.
इस आउटेज का असर इतना व्यापक है कि लोग अपनी शिकायतें दर्ज कराने के लिए अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे इंस्टाग्राम और फेसबुक का रुख कर रहे हैं. ट्विटर पर #XDown और #TwitterDown जैसे हैशटैग्स अन्य प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से ट्रेंड करने लगे हैं. हालांकि एलन मस्क या X की टीम की ओर से अभी तक इस खराबी के पीछे के तकनीकी कारणों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. माना जा रहा है कि यह सर्वर कॉन्फिगरेशन या किसी बड़े तकनीकी अपडेट के दौरान आई गड़बड़ी हो सकती है. फिलहाल, यूजर्स सेवा बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं.














