'अखिलेश यादव मित्र हैं, कभी-कभी मदद कर देते हैं, महिला आरक्षण पर बोले PM मोदी तो सपा अध्यक्ष ने जोड़े हाथ

Women reservation debate: पीएम मोदी ने कहा कि आप देश की बहनों पर, उनकी समझदारी पर भरोसा तो करो. एक बार 33 प्रतिशत बहनों को यहां आने तो दो. उन्हें निर्णय करने दो. उनकी सामर्थ्य पर सवाल क्यों, आशंका क्यों है?

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण संबंधी बिल पर लोकसभा में चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां विपक्षी दलों पर तीखे तंज किए, वहीं हल्के फुल्के अंदाज में चुटकियां भी लीं. एक मौका ऐसा भी आया, जब प्रधानमंत्री ने अखिलेश यादव का नाम लेकर ऐसी बात कह दी कि सपा अध्यक्ष ने खिलखिलाकर दोनों हाथ जोड़ लिए. 

प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों से महिला आरक्षण विधेयक का पारित करने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि हम सब भाग्यवान हैं कि हमें ऐसे महत्वपूर्ण और देश की आधी आबादी को राष्ट्र निर्माण की नीति निर्धारण की प्रक्रिया में हिस्सेदार बनाने का सौभाग्य मिल रहा है... राजनीतिक समझदारी इसी में हैं कि हम जमीनी स्तर पर महिलाओं के राजनीतिक नेतृत्व को स्वीकार करें. 

प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण पर समाजवादी पार्टी के रुख का परोक्ष जिक्र करते हुए कहा कि आप देश की बहनों पर, उनकी समझदारी पर भरोसा तो करो. एक बार 33 प्रतिशत बहनों को यहां आने तो दो. उन्हें निर्णय करने दो. उनकी सामर्थ्य पर सवाल क्यों, उनकी सामर्थ्य पर आशंका क्यों है. उन्हें एक बार आने तो दो.

देखें- 3 दशक तक रोककर रखा, कुछ नहीं कर पाए, अब तो करो... महिला आरक्षण पर PM मोदी ने विपक्ष को घेरा

Advertisement

इसी दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री जी आप खुद पिछड़े वर्ग से आते हैं, इसके बाद भी पिछड़ों का ख्याल नहीं रख रहे. पूरा देश यह सब देख रहा है. सपा सांसद का इशारा महिला आरक्षण में ओबीसी वर्ग को न जोड़ने की तरफ था. 

इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि धर्मेंद्र जी, मैं आपका बहुत आभारी हूं कि आपने मेरी पहचान करा दी. यह बात सही है कि मैं अत्यंत पिछड़े समाज से आता हूं, लेकिन मेरा दायित्व समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का है.

Advertisement

उन्होंने कहा कि संविधान ने मुझे यह रास्ता दिखाया है. मेरे लिए संविधान ही सर्वोपरि है. और यह संविधान की ताकत है कि मेरे जैसे छोटे समाज के, अति पिछड़े समाज के व्यक्ति को इतना बड़ा दायित्व देश ने दिया... इसलिए मैं तो देशवासियों का ऋणी हूं, मैं तो संविधान निर्माताओं का ऋणी हूं.

प्रधानमंत्री ने सपा अध्यक्ष का नाम लेते हुए हल्के फुल्के अंदाज में यह भी कहा कि अखिलेश जी मेरे मित्र हैं तो कभी-कभी मदद कर देते हैं. इस पर अखिलेश यादव मुस्कुराने लगे और दोनों हाथ जोड़कर अभिवादन किया. अखिलेश के पीछे बैठीं उनकी पत्नी डिंपल यादव भी मुस्कुराती हुई नजर आईं. 

देखें- 'बीजेपी ने किया था महिला आरक्षण का विरोध', संसद में प्रियंका गांधी ने की आरोपों की बौछार

Featured Video Of The Day
Iran vs US: Israel Lebanon Talks के बीच Ghalibaf का बड़ा बयान, Axis Of Resistance का क्या होगा?
Topics mentioned in this article