- पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने गुरुवार शाम अचानक दिल्ली आकर इस्तीफा दे दिया
- आनंद बोस के साढ़े तीन साल के कार्यकाल के दौरान कई बार ममता बनर्जी सरकार से उनका टकराव हुआ
- ममता बनर्जी ने दावा किया कि गृह मंत्री ने उन्हें बताया है कि आर.एन. रवि अगले राज्यपाल होंगे
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गुरुवार को बड़ी खबर आई. राज्य के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने गुरुवार शाम को अचानक अपने पद से इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया. उन्होंने राजधानी दिल्ली में अपना इस्तीफा सौंपा. उनके इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं गरमा गई हैं. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल के इस्तीफे को शॉकिंग बताया है.
ममता बनर्जी से कई बार हुआ टकराव
1977 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी रहे सीवी आनंद बोस को जगदीप धनखड़ की जगह पर 17 नवंबर 2022 को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया था. वह करीब साढ़े तीन साल इस पद पर बिता चुके हैं. इस दौरान उनकी ममता बनर्जी सरकार से कई बार तीखी तनातनी हुई. उनके कार्यकाल के दौरान राज्य सरकार और राजभवन के बीच कई बार खींचतान देखने को मिली थी.
मेरे लिए इतना समय काफीः आनंद बोस
सीवी आनंद बोस ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए अपने इस्तीफे की पुष्टि की और कहा- हां, मैंने इस्तीफा दे दिया है. मैं साढ़े तीन साल तक बंगाल का राज्यपाल रहा और मेरे लिए इतना समय काफी है. हालांकि उन्होंने अचानक लिए गए अपने इस फैसले के पीछे के असली कारणों का खुलासा नहीं किया.
ममता बनर्जी ने हैरानी, चिंता जताई
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस के अचानक इस्तीफे को दुखद खबर बताते हुए हैरानी और गहरी चिंता जताई. उन्होंने गृह मंत्री के हवाले से दावा किया कि तमिलनाडु के राज्यपाल और पूर्व डिप्टी एनएसए आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा जा रहा है.
'आरएन रवि होंगे बंगाल के राज्यपाल'
ममता ने लिखा कि फिलहाल उन्हें राज्यपाल के इस्तीफे के पीछे के कारणों की जानकारी नहीं है. केंद्रीय गृह मंत्री ने मुझे बताया है कि आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया जा रहा है. ममता ने आरोप लगाया कि ये महत्वपूर्ण फैसला लेने से पहले स्थापित परंपराओं के मुताबिक, उनसे कोई सलाह-मशविरा नहीं किया गया. मुख्यमंत्री ने इसे संविधान और संघीय ढांचे के खिलाफ बताया.
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राज्यपाल के इस्तीफे के बहाने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि मुझे हैरानी नहीं होगी, अगर आगामी चुनावों और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री की तरफ से कुछ खास राजनीतिक हितों को साधने के लिए राज्यपाल पर किसी तरह का दबाव बनाया गया होगा.
देखें- TMC की राज्यसभा उम्मीदवार कोयल मल्लिक कितनी पढ़ी-लिखी हैं? ऐसा रहा पूरा करियर












