पश्चिम बंगाल का आधा चुनाव खत्म हो चुका है. पहले चरण में 152 सीटों पर अप्रत्याशित वोटिंग हुई है. जानकारों का मानना है कि इस बंपर वोटिंग से जनता ने बहुत बड़ा संदेश दिया है. अब जिसकी भी जीत होगी, वो प्रचंड होगी. NDTV के सीईओ और एडिटर इन चीफ राहुल कंवल ने देश के खान-पान के साथ राजनीति पर चर्चा के लिए खास शो 'चाय स्टॉप' के जरिए कोलकाता में वोटरों के इसी मिजाज को समझने की कोशिश की.
कोलकाता के मशहूर पार्क स्ट्रीट इलाके में 'चाय स्टॉप शो' में एनडीटीवी की सीनियर एडिटर मनोज्ञा लोइवाल ने कहा कि बीजेपी के नेताओं को लग रहा है कि इस बार बंगाल जीतना बहुत जरूरी है. आजादी के बाद कोई राइटविंग सरकार बंगाल में नहीं रही है. इसके लिए बीजेपी ने ग्राउंड लेवल पर बहुत होमवर्क किया है. दूसरी तरफ ममता बनर्जी ने भी पूरी जान लगा दी है. वह सिर्फ अधिकारियों से बात नहीं करतीं, वो आम लोगों के भी संपर्क में रहती हैं. इसका फायदा उन्हें मिलेगा.
एनडीटीवी कंसलटेंट महुआ चटर्जी ने बंपर वोटिंग की एक वजह बताते हुए कहा कि बंगाल में एसआईआर में 90 लाख से ज्यादा वोट कटे हैं. इसकी वजह से बाकी वोटर डरे हुए हैं. उन्हें लग रहा है कि अगर इस बार हम वोट नहीं डालते हैं तो आगे चलकर हमारा नाम कट सकता है.
इस बार चुनाव में बड़ी जीत होगी या कड़ा मुकाबला होगा, इस सवाल पर दासगुप्ता ने कहा कि बीजेपी और टीएमसी के बीच 2021 के चुनाव में 10 पर्सेंट वोटों का अंतर रहा था. एसआईआर से 11.6 फीसदी वोट कट गए. ऐसे में एक संभावना है कि इस बार टर्न अराउंड हो सकता है. हो सकता है कि एसआईआर का फायदा बीजेपी को मिले.
देखें- बंगाल की बंपर वोटिंग में मुस्लिम बहुल सीटों पर कैसी रही चुनावी हवा, आंकड़े चौंका देंगे
जयंत घोषाल का कहना था कि बीजेपी को जीत हासिल करनी है तो सिर्फ उत्तर बंगाल को जीतने से काम नहीं चलेगा, दूसरे दौर को जीतना भी जरूरी है. जिस तरह से पीएम मोदी, अमित शाह और बीजेपी के अन्य नेता आक्रामक प्रचार कर रहे हैं, लगता है उसका फायदा दक्षिण बंगाल में भी मिल सकता है. उधर टीएमसी को अब भी जीत का विश्वास है. लेकिन बीजेपी जो कर रही है, वो 2021 में नहीं दिखा था. बीजेपी ने गलतियों से सबक लेकर आगे बढ़ रही है.
एनडीटीवी की सीनियर एडिटर मनोज्ञा लोइवाल ने कहा कि इस बार महिलाओं का वोट खिसकेगा, लेकिन कितना छिटकेगा, ये अभी तय नहीं है. उसका कारण 300 हजार रुपये और महिला सुरक्षा जैसे वादे हैं. महिलाओं को परिवर्तन चाहिए. चेंज को लाने के लिए किसी के पास कारण हैं, किसी के पास कारण नहीं है. ये बहुत बड़ा मैसेज है.
देखें- वोटर कम, वोटिंग ज्यादा... क्या SIR ने बदल दिया बंगाल-तमिलनाडु में चुनावी गणित?














