- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में ज्यादातर एजेंसियों ने बीजेपी की जीत का अनुमान लगाया है
- टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल के अनुसार बीजेपी को लगभग 192 सीटें मिल सकती हैं
- बीजेपी को मुस्लिमों के 8%, एससी के 67%, ओबीसी के 61% और एसटी के 53% वोट मिलने का अनुमान है
पश्चिम बंगाल में अब चुनाव नतीजों का इंतजार है. हालांकि, नतीजों से पहले एग्जिट पोल आ रहे हैं. ज्यादातर एग्जिट पोल बीजेपी की जीत का अनुमान लगा रहे हैं. सारे एग्जिट पोल आने के एक दिन बाद आए टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में भी बीजेपी सरकार बनने का अनुमान लगाया गया है.
अगर एग्जिट पोल सही साबित होते हैं तो पश्चिम बंगाल में इस बार बहुत बड़ा 'खेला' होने जा रहा है. बंगाल में पहली बार बीजेपी अपनी सरकार बना सकती है. वहीं, 2011 से सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी की टीएमसी इस बार विपक्ष में बैठ सकती है.
लेकिन बंगाल में क्या कुछ होने वाला है? कोई भी अभी दावा नहीं कर सकता. एक्सिस माय इंडिया के एमडी प्रदीप गुप्ता ने भी NDTV के सीईओ और एडिटर इन चीफ राहुल कंवल से बातचीत में कहा कि बंगाल में 70-80% वोटर अपने मन की बात बताने को तैयार नहीं हैं. इसी कारण एक्सिस माय इंडिया ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर अपना एग्जिट पोल भी नहीं दिया.
टुडेज चाणक्य का क्या है कहना?
- सीटः टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में अनुमान लगाया है कि बंगाल में बीजेपी 192 सीटें तक जीत सकती हैं. इसमें 11 सीटें ऊपर-नीचे हो सकती हैं. वहीं, टीएमसी 100 सीटों पर सिमटती दिख रही है.
- वोट शेयर: इतना ही नहीं, बीजेपी को इस बार बंगाल में 48% वोट मिलने का अनुमान है. टीएमसी का वोट शेयर 38% रह सकता है.
- किसके कितने वोट: बीजेपी को मुस्लिमों के 8%, SC के 67%, OBC के 61% और ST के 53% वोट मिल रहे हैं. वहीं, टीएमसी को मुस्लिमों के 71%, SC के 22%, OBC के 27% और ST के 40% वोट मिले हैं.
यह भी पढ़ेंः Today's Chanakya Exit Pol: पश्चिम बंगाल में BJP कैसे बना रही सरकार? समझिए
बाकी एग्जिट पोल का क्या है अनुमान?
पश्चिम बंगाल में विधानसभा 294 सीटें हैं और जीत के लिए 148 सीटें जरूरी है. ज्यादातर एग्जिट पोल बीजेपी की जीत का अनुमान लगा रहे हैं, जबकि दो एजेंसियां- पीपुल्स पल्स और जनमत ने टीएमसी की जीत का अनुमान लगाया है.
पीपुल्स पल्स ने टीएमसी के लिए 177-187 सीटें, बीजेपी के लिए 95-110, लेफ्ट के लिए 0-1 और कांग्रेस के लिए 1-3 सीटों का अनुमान लगाया. वहीं, जनमत ने टीएमसी के लिए 195-205 सीटें, बीजेपी के लिए 80-90 और कांग्रेस के लिए 1-3 सीटों का अनुमान लगाया है.
हालांकि, ज्यादातर ने बीजेपी को बढ़त दी है. मैट्रिज ने बीजेपी के लिए 146-161 सीटें और टीएमसी के लिए 125-140 सीटों का अनुमान लगाया, जबकि P-Marq ने बीजेपी के लिए 150-175 और टीएमसी के लिए 118-138 सीटों का अनुमान लगाया.
पोल डायरी ने बीजेपी के लिए 142-171 सीटें, टीएमसी के लिए 99-127 और कांग्रेस के लिए 3-5 सीटों का अनुमान लगाया. प्रजा पोल ने बीजेपी के मजबूत प्रदर्शन का अनुमान लगाया, जिसमें पार्टी के लिए 178-208 सीटों का अनुमान है. जबकि टीएमसी के लिए 85-110 सीटों का अनुमान लगाया गया है.
यह भी पढ़ेंः काउंटिंग के लिए चुनाव आयोग ने की यह तगड़ी व्यवस्था, जानें कितने स्तर पर होगी आई कार्ड की जांच
टीएमसी नेताओं का क्या है कहना?
बंगाल चुनाव के एग्जिट पोल को टीएमसी ने खारिज कर दिया है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि एग्जिट पोल को सोची-समझी साजिश करार दिया. उन्होंने कहा कि 2014, 2017 और 2021 में भी इसी तरह के भ्रामक एग्जिट पोल दिखाए गए थे.
उन्होंने दावा किया कि असल नतीजों में टीएमसी इस बार 230 सीटों के आंकड़े तक पहुंच सकती है. उन्होंने दावा किया कि बंगाल में एक बार फिर 'मां, माटी और मानुष' की सरकार बनने जा रही है.
इससे पहले टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने एग्जिट पोल की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया. उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा कि पश्चिम बंगाल में पिछले कई एग्जिट पोल के अनुमान गलत साबित हुए थे. उन्होंने कहा, 'एग्जिट पोल की विश्वसनीयता? बंगाल चुनाव 2021. नतीजों के मुकाबले ये अनुमान कितने गलत थे?'
इसके साथ ही उन्होंने तीन एग्जिट पोल के आंकड़े भी शेयर किए, जिनमें टीएमसी और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान लगाया था लेकिन आखिरी में टीएमसी को शानदार जीत मिली थी.
टीएमसी के पूर्व राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने भी कहा कि भले ही एग्जिट पोल अक्सर पश्चिम बंगाल में कांटे की टक्कर का अनुमान लगाते हैं लेकिन ऐतिहासिक रूप से यहां चुनावी जनादेश हमेशा निर्णायक ही रहा है. उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा, 'एग्जिट पोल आमतौर पर बंगाल में कांटे की टक्कर बताकर सेफ गेम खेलते हैं लेकिन सच तो यह है कि बंगाल में जनादेश कभी भी कांटे का नहीं होता. यह हमेशा निर्णायक होता है.'
उन्होंने आगे कहा, 'कोई भी विश्वसनीय एग्जिट पोल 180+ सीटों वाली बीजेपी लहर का अनुमान नहीं लगा रहा है. मेरा दावा है- 4 मई को बंगाल में टीएमसी भारी जनादेश के साथ सरकार बनाएगी.'
यह भी पढ़ेंः असम में BJP की हैट्रिक, तमिलनाडु में विजय का जलवा, बंगाल में फंस गया पेच; NDTV Poll of Polls का अनुमान













