कल का मौसम: दिल्ली-यूपी में कोहरा और ठंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा समेत 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट

कल का मौसम, 20 नवंबर 2026: IMD ने कल 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. ओडिशा, बंगाल से लेकर झारखंड, छत्तीसगढ़ तक बारिश होगी. जानिए आपके यहां कैसा मौसम रहेगा.

विज्ञापन
Read Time: 6 mins
कल का मौसम: जानिए कहां होगी बारिश Weather Update
IANS
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • दिल्ली में तापमान में गिरावट के साथ AQI खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है, जिससे सांस लेने में दिक्कत हो रही है
  • IMD ने देश के 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है जिसमें पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड प्रमुख हैं
  • UP, बिहार और राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा, कई इलाकों में घना कोहरा और न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहेगी

Kal Ka Mausam 20 November 2026: राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है. उत्तर भारत में बर्फीली हवाएं चल रही है. लगातार ठिठुरन बढ़ रही है. दिल्ली-यूपी में कोहरा भी छाने लगा है. वहीं दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी से आ रहा चक्रवात अकवान तबाही मचा सकता है. इसे लेकर कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 20 नवंबर 2026 के लिए वेदर फॉरकास्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार देशभर के 14 राज्यों में कल बारिश का अलर्ट है. इसमें पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु से लेकर झारखंड तक बारिश होगी. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.

अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली-NCR में ठंड और प्रदूषण की मार

पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी का असर अब उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में पारा लगातार नीचे गिर रहा है. तापमान में इस गिरावट के साथ ही वायु गुणवत्ता में भी तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है. दिल्ली में आज इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई. इस दौरान न्यूनतम तापमान गिरकर 10.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. मौसम विभाग के अनुसार कल दिल्ली-एनसीआर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है. सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर हल्का कोहरा और कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है.

ठंड बढ़ने के कारण हवा में मौजूद प्रदूषक कण धरती के करीब जमा हो रहे हैं, जिसके चलते शहर की हवा जहरीली होती जा रही है. दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 350 के खतरनाक स्तर को पार कर गया है. दिल्ली के जिन इलाकों में एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया है, वहां लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है. मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पूसा इलाका सबसे प्रदूषित क्षेत्रों में से एक है, जहां एक्यूआई 368 दर्ज किया गया है. वहीं, सिरीफोर्ट में एक्यूआई 363, जहांगीरपुरी में 359, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 350, चांदनी चौक और सीआरआरआई मथुरा रोड में 347, डीटीयू में 344, बुराड़ी क्रॉसिंग में 320 और छावला में एक्यूआई 320 तक पहुंच गया है.

यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम ने करवट ले ली है. उत्तर प्रदेश में कल बारिश की कोई संभावना नहीं है, मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. राज्य में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरे का असर रहेगा. वहीं 20 से 22 नवंबर के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उससे सटे हरियाणा, पंजाब आदि में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना व्यक्त की गई है.

Advertisement

इसके अलावा कल बिहार में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है. सुबह और रात के समय तापमान में मामूली गिरावट और हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है.

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?

राजस्थान में इस हफ्ते मौसम आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है. 21-22 नवंबर को पूर्वी राजस्थान में कई जगह बादल छाए रह सकते हैं. राजस्थान के शेखावाटी इलाके में इन दिनों न्यूनतम तापमान छह से 10 डिग्री सेल्सियस, जबकि ज्यादातर अन्य हिस्सों में 10 से 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले एक हफ्ते तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने और तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होने का अनुमान है. एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 21-22 नवंबर को पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे.

Advertisement

चक्रवात ‘अकवान' बंगाल में मचाएगा तबाही, अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान ‘अकवान' के पूर्वी तट की ओर बढ़ने के बीच गुरुवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया. मौसम विभाग ने बताया कि मौसम प्रणाली के प्रभाव से कोलकाता और राज्य के अन्य दक्षिणी जिलों में रातभर बारिश हुई. सुबह बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य हिस्से में मौजूद चक्रवाती तूफान के शुक्रवार दोपहर तक दक्षिण ओडिशा के गोपालपुर के पास तट पार करने की संभावना है. आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, कोलकाता, हावड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर के तटीय इलाकों में रातभर बारिश हुई. उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और बांकुड़ा में भारी बारिश होने का अनुमान है.

ओडिशा में भी चक्रवात 'अकवान' का अलर्ट

ओडिशा में चक्रवात 'अकवान' के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर बचाव और राहत की तैयारियां शुरू कर दी हैं. अब तक करीब 72 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया जा चुका है. चक्रवात के शुक्रवार दोपहर उत्तर आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका जताई गई है. आईएमडी ने केंद्रापड़ा, कंधमाल, जगतसिंहपुर, गजपति, गंजाम और पुरी सहित छह जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है. इसके अलावा दक्षिणी और तटीय ओडिशा के कई अन्य जिलों तथा मयूरभंज में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

कश्मीर घाटी में रात के तापमान में बड़ी गिरावट, हल्की धूप भी बेअसर

कश्मीर घाटी में तापमान माइनस में पहुंचना शुरू हो गया है. श्रीनगर शहर में तापमान माइनस 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 17 नवंबर के माइनस 0.1 डिग्री सेल्सियस से थोड़ा कम है. आने वाले दिनों में रात का तापमान और गिर सकता है. साथ ही इस महीने के अंत तक मौसम के आमतौर पर शुष्क बने रहने की उम्मीद है. गुरुवार को घाटी में सर्दियों की हल्की धूप निकली, जो बर्फीले पहाड़ों से आ रही सुबह की ठंडी हवाओं के सामने बेअसर साबित हुई. दिन के समय ज्यादातर जगहों पर सर्दी बढ़ने लगी है, हालांकि कश्मीर में कहीं भी जलाशय अभी तक पूरी तरह नहीं जमे हैं.

चक्रवात ‘अकवान' के कारण झारखंड में भी बारिश

चक्रवात ‘अकवान' के प्रभाव से झारखंड के कुछ हिस्सों में दो से तीन दिनों तक भारी बारिश हो सकती है. कल झारखंड के 11 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. शनिवार को भी आठ जिलों के लिए यही अलर्ट जारी किया गया है. शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे से अगले 24 घंटे के दौरान जिन जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है, उनमें लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, रांची, खूंटी, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं. 21 और 22 नवंबर को गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना है.

Advertisement

कल इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

भारी बारिश: ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल 
मध्यम बारिश: नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा
हल्की बारिश: असम और मेघालय.

Featured Video Of The Day
मौत की अफवाहों के बीच किम जोंग के इस VIDEO ने हिला डाला!

Topics mentioned in this article
Kal Ka Mausam
Weather Forecast
Weather Tomorrow
Weather Tomorrow Delhi
Weather Update

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं