केन्या में लापता हुए दो भारतीयों के मामले में तेजी से जांच कराने का किया गया आग्रह : विदेश मंत्रालय

बागची ने कहा, ‘‘अपहरण (भारतीयों का) और इसके बारे में जानकारी की कमी से जुड़ी परिस्थितियां परेशान करने वाली है और हमें उम्मीद है कि इस मामले की विस्तृत जांच की जायेगी.’’

विज्ञापन
Read Time: 15 mins
भारतीय उच्चायोग ने वहां के राष्ट्रपति विलियम सामोई रूटो से जांच में तेजी लाने का आग्रह किया है. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:

केन्या में लापता हुए दो भारतीयों के मामले पर सोमवार को विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी. मंत्रालय की ओर से कहा गया कि केन्या में भारत के दो नागरिकों के लापता होने के मामले में भारतीय उच्चायोग ने वहां के राष्ट्रपति विलियम सामोई रूटो से जांच में तेजी लाने का आग्रह किया है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने संवाददाताओं के प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा, ‘‘हम दो लापता भारतीयों, जुल्फिकार अहमद खान और जायद सामी किदवई का पता लगाने के लिये केन्या की सरकार के साथ नियमित रूप से सम्पर्क में हैं.

बागची ने एक बयान में कहा,‘‘ नैरोबी में हमारी उच्चायुक्त नामग्या खाम्पा ने आज (सोमवार को) को वहां के राष्ट्रपति विलियम सामोई रूटो से भेंट की और उन्हें हमारी चिंताओं से अवगत कराया. साथ ही, इस मामले की जांच तेजी से कराने का आग्रह भी किया.''

उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में केन्या के उच्चायुक्त को भी 23 अक्टूबर को मंत्रालय बुलाया गया था और ‘‘उन्हें इस मामले में हमारी चिंताओं से अवगत कराया गया था.'' बागची ने कहा, ‘‘केन्या में हमारा उच्चायोग दोनों लापता भारतीयों के परिवार के साथ सम्पर्क में है और उन्हें सहयोग दे रहा है.'' उन्होंने बताया कि इस मामले की केन्या पुलिस की विदेश मामलों की इकाई (आईएयू) सक्रियता से जांच कर रही है.

Advertisement

उन्होंने कहा कि यह जानकारी मिली है कि इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिसमें केन्या पुलिस की हाल में खत्म की गई विशेष सेवा इकाई के अधिकारी भी शामिल हैं.

बागची ने कहा, ‘‘अपहरण (भारतीयों का) और इसके बारे में जानकारी की कमी से जुड़ी परिस्थितियां परेशान करने वाली है और हमें उम्मीद है कि इस मामले की विस्तृत जांच की जायेगी.'' उन्होंने कहा कि मंत्रालय इस मामले से जुड़े सभी घटनाक्रम पर नजर रखना जारी रखेगा. 

Advertisement

कुछ दिन पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था कि केन्या में दोनों भारतीय नागरिक जुलाई के मध्य से लापता हैं और मामले की जानकारी मिलने पर शीघ्र ही वहां पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई. उन्होंने कहा था कि इसके बाद केन्याई अदालत में एक बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की गई.

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: Operation Sindoor पर बिट्टा के जवाब से सन्नाटे में पाक पैनलिस्ट! |Sucherita Kukreti
Topics mentioned in this article