'अहंकार ही विनाश की वजह बनता है', उदयनिधि की गिरफ्तारी को लेकर TVK सरकार पर बरसे स्टालिन

एम.के. स्टालिन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बेहद अलोकतांत्रिक और 'अहंकारी' तरीके से उदयनिधि को उनके चेन्नई स्थित आवास से हिरासत में लिया और गैर-जमानती धाराओं के तहत तंजावुर ले गई.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
एम के स्टालिन ने कहा कि सीएम विजय रील क्रिएटर बन चुके हैं.
चेन्नई:

तमिलनाडु में पूर्व उप-मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) नेता उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी को लेकर राज्य का राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया.  डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने टीवीके (TVK) सरकार को 'फासीवादी' बताया. स्टालिन ने चेतावनी देते हुए कहा कि सत्ता का अहंकार हमेशा विनाश की तरफ ले जाता है और यही अहंकार इस सरकार के अंत की वजह बनेगा. उन्होंने पूरे राज्य में हिरासत में लिए गए डीएमके कार्यकर्ताओं की तुरंत रिहाई की मांग की है.

तंजावुर प्रदर्शन और कावेरी जल विवाद से बढ़ा तनाव

पूरे विवाद की शुरुआत 3 अगस्त को तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर हुए एक बड़े प्रदर्शन से हुई. इसका नेतृत्व खुद उदयनिधि स्टालिन कर रहे थे. इस विरोध प्रदर्शन के दौरान डीएमके ने टीवीके सरकार के सामने मुद्दे उठाए थे.

सरकार से मांग थी कि कर्नाटक के प्रस्तावित मेकेदातु जलाशय प्रोजेक्ट को रोकने के लिए ठोस और कड़े कदम उठाए जाएं. राज्य के किसानों के सभी कर्ज पूरी तरह से माफ किए जाएं. कावेरी डेल्टा क्षेत्र के जिलों को आधिकारिक तौर पर सूखाग्रस्त घोषित किया जाए.

कथित विवादित टिप्पणी से सुलगा विवाद

प्रदर्शन के दौरान अपने संबोधन में उदयनिधि स्टालिन मुख्यमंत्री के कावेरी विवाद को संभालने के तरीके की जमकर आलोचना कर रहे थे. इसी दौरान भीड़ में से कुछ लोगों ने अभिनेत्री तृषा के नाम के नारे लगाने शुरू कर दिए.

भाषण के दौरान थोड़ा रुककर उदयनिधि ने एक कथित द्विअर्थी टिप्पणी कर दी. उनके इस बयान के बाद देश भर में उनकी निंदा होने लगी. 

Advertisement

आधी रात को पुलिसिया कार्रवाई हुई 

एम.के. स्टालिन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बेहद अलोकतांत्रिक और 'अहंकारी' तरीके से उदयनिधि को उनके चेन्नई स्थित आवास से हिरासत में लिया और गैर-जमानती धाराओं के तहत तंजावुर ले गई. स्टालिन के मुताबिक, यह सब इसलिए किया गया ताकि उदयनिधि को आगामी विधानसभा के बजट सत्र में शामिल होने से रोका जा सके.

हालांकि, अदालत में इस मामले को लेकर सरकार को करारा झटका लगा. जन आक्रोश को देखते हुए सरकारी वकीलों को कोर्ट में यह कहना पड़ा कि उनकी उदयनिधि को औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने की कोई मंशा नहीं थी.

Advertisement
मद्रास उच्च न्यायालय ने तुरंत संज्ञान लेते हुए उदयनिधि की तत्काल रिहाई का आदेश दिया. स्टालिन ने हाई कोर्ट के इस फैसले को 'टीवीके के फासीवादी रवैये पर करारा तमाचा' बताया.

'रील्स क्रिएटर' बन चुके हैं मुख्यमंत्री: स्टालिन

डीएमके प्रमुख ने मुख्यमंत्री विजय पर निजी हमला करते हुए कहा कि सरकार चलाने के बजाय वे केवल एक 'रील्स क्रिएटर' की तरह काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव में किए गए वादों को पूरा करने के बजाय मुख्यमंत्री का पूरा ध्यान सिर्फ अपने आलोचकों को सलाखों के पीछे भेजने पर है. 

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विधायक अनिता राधाकृष्णन, मारकंडेयन, नीट-विरोधी प्रदर्शनकारियों और किसानों तक को गिरफ्तार किया जा चुका है.

उदयनिधि का बचाव करते हुए स्टालिन ने साफ किया कि तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता ने किसी अश्लील भाषा का इस्तेमाल नहीं किया था और न ही किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाया था. उन्होंने अन्य राजनीतिक नेताओं से अपील की कि वे किसी बयान पर टिप्पणी या निंदा करने से पहले जमीनी तथ्यों की सही जानकारी हासिल कर लें.

अंत में स्टालिन ने दोहराया कि तंजावुर के प्रदर्शन में जुटी भारी भीड़ मौजूदा शासन के खिलाफ जनता के फूटे गुस्से का सबूत है. उन्होंने टीवीके सरकार को चेतावनी देते हुए पूरे राज्य से गिरफ्तार किए गए सभी डीएमके कार्यकर्ताओं को फौरन रिहा करने की मांग की.

Advertisement

यह भी पढ़ें: CM विजय की दोस्त तृषा पर कमेंट कर फंसे उदयनिधि; Jr स्टालिन की गिरफ्तारी पर TVK का हमला, कहा- 'वल्गर-निधि'

Featured Video Of The Day
चढ़ावा चोरी पर सदन में जंग भारी!

Topics mentioned in this article
Cm Vijay
CM Vijay Tamilnadu
Udaynidhi stalin
Trisha