- अधीर रंजन चौधरी के काफिले को एक ट्रक ने टक्कर मारी, जिसमें कई सुरक्षाकर्मी और स्टाफ सदस्य घायल हुए
- अधीर चौधरी ने ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वह उन्हें हराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगी
- ममता बनर्जी ने बरहामपुर में पहली बार पदयात्रा निकाली, जिसे लेकर अधीर चौधरी ने सवाल उठाए
कांग्रेस नेता और बंगाल के बरहामपुर से उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी के काफिले को एक ट्रक ने टक्कर मार दी. यह घटना तब हुई जब चौधरी पश्चिम बंगाल चुनावों से पहले कांडी में अपना चुनाव प्रचार पूरा करने के बाद बहरामपुर लौट रहे थे. इस हादसे में कई सुरक्षाकर्मी और स्टाफ सदस्य घायल हो गए.
ममता बनर्जी पर साधा निशाना
इससे पहले अधीर चौधरी ने सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह उन्हें हराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी. दरअसल सीएम ममता बनर्जी ने बरहामपुर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा निकाली. कांग्रेस प्रत्याशी अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी की पदयात्रा को लेकर कहा कि जहां तक मुझे याद है, ममता बनर्जी ने मुर्शिदाबाद या बहरामपुर में कभी रोड शो नहीं किया है. तीन बार मुख्यमंत्री बनने के बाद भी इस बार उन्होंने अचानक यहां चुनावी अभियान क्यों शुरू कर दिया है. इससे एक चीज साफ है कि वह मुझे हराने के लिए कुछ भी कर सकती हैं.
लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि मुझे हराने के लिए टीएमसी प्रमुख द्वारा दंगे फैलाए गए थे. इस बार ममता बनर्जी के निर्देश पर एक साजिश होने की संभावना है. मुझे लगता है कि बरहामपुर से मुझे हराने के लिए वे ऐसा भी कर सकती हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान पदयात्रा निकालना हर किसी पार्टी, नेता का अधिकार होता है, और ममता बनर्जी ने पैदल यात्रा की, इसमें कोई गलत बात नहीं है. लेकिन, इससे पहले कभी पदयात्रा नहीं की, अब क्यों सवाल बड़ा है.
यह भी पढ़ें: सरकार Vs विपक्ष की खींचतान के बीच महिला आरक्षण बिल में संशोधन से किसे फायदा, जान लीजिए
बता दें कि पश्चिम बंगाल में 294 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए वोटिंग दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगी, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होनी है.
यह भी पढ़ें: महिला आरक्षण बिल को मिली कैबिनेट की मंजूरी : सूत्र












