- तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान संपन्न हुआ और मतगणना 4 मई को होगी
- DMK गठबंधन को सरकार बनाने के लिए जरूरी सीटों से अधिक सीटें मिलने का अनुमान है
- अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ा और उसे कई सीटें मिलने की संभावना जताई गई है
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर Todays Chanakya का एग्जिट पोल जारी हो गया है. इस एग्जिट पोल में सीएम स्टालिन के नेतृत्व वाली DMK सरकार बनती दिख रही है. वहीं विजय की पार्टी भी बेहतर प्रदर्शन करती दिख रही है. तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में 23 अप्रैल को मतदान संपन्न हो गया. मतगणना 4 मई को होगी, तब यह स्पष्ट हो पाएगा कि सही नतीजे क्या होते हैं.
क्या कहता है एक्जिट पोल?
Todays Chanakya के एग्जिट पोल के मुताबिक
- DMK: 125
- AIADMK: 45
- TVK: 63
अन्य एग्जिट पोल में भी DMK की वापसी के संकेत
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में सत्तारूढ़ डीएमके गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है. एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार, डीएमके गठबंधन को 98 से 120 सीटें मिलने का अनुमान है. एआईएडीएमके गठबंधन को 87 से 110 सीटें मिल सकती हैं. अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके को 10 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि अन्य के खाते में 0 से 6 सीटें जा सकती हैं.
पी-मार्क के एग्जिट पोल में डीएमके गठबंधन को 125 से 145 सीटें मिलने का अनुमान है. एआईएडीएमके गठबंधन को 65 से 85 सीटें मिल सकती हैं. टीवीके को 16 से 26 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य के खाते में 1 से 6 सीटें जा सकती हैं. मैटराइज के एग्जिट पोल में भी डीएमके गठबंधन को मजबूत स्थिति में दिखाया गया है. इस सर्वे के अनुसार, डीएमके गठबंधन को 122 से 132 सीटें मिलने का अनुमान है. एआईएडीएमके गठबंधन को 22 से 32 सीटें मिल सकती हैं. टीवीके को 10 से 12 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि अन्य के खाते में 0 से 6 सीटें जाने की संभावना है.
बता दें कि तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 118 सीटों की जरूरत होगी. इस चुनाव में कुल 4,023 उम्मीदवार मैदान में उतरे. मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ डीएमके के सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस और एआईएडीएमके गठबंधन के बीच रहा. अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके ने भी इस बार सभी सीटों पर चुनाव लड़कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है. तमिलनाडु में इस बार कुल 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता थे. चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया. कुल मतदान 84.69 प्रतिशत दर्ज किया गया. वोटिंग प्रतिशत के लिहाज से यह तमिलनाडु के चुनावी इतिहास का सबसे बड़ा मतदान माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: Tamil Nadu Exit Poll: स्टालिन या विजय... तमिलनाडु में मुस्लिम-ईसाई वोटरों की पहली पसंद कौन रहा?













