- अप्रैल के अंतिम सप्ताह में राजस्थान, UP, दिल्ली, बिहार, झारखंड, MP, महाराष्ट्र में गर्मी का प्रकोप जारी है.
- पहाड़ों पर बारिश शुरू हो गई है, जिससे 2-3 दिनों में मैदानी इलाकों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.
- उत्तर प्रदेश के बांदा में तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे गर्मी का प्रकोप बढ़ा है.
Today Weather Update: अप्रैल का आखिरी हफ्ता चल रहा है. भीषण गर्मी लोगों की परीक्षा ले रहा है. राजस्थान, यूपी, दिल्ली, बिहार, झारखंड के साथ-साथ मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी इन दिनों तपती गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो रखा है. प्रचंड गर्मी से परेशान लोगों के लिए अब राहत की खबर सामने आई है. पहाड़ी राज्यों में बारिश शुरू हो गई है. जिसका असर आने-वाले दो-तीन दिनों में मैदानी इलाकों पर भी पड़ेगा. मतलब कि तीन दिन बाद मैदानी इलाकों के लोगों को भी गर्मी से राहत मिल सकती है.
इस सप्ताह कब कहां-कहां होगी बारिश
इस सप्ताह के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तथा उत्तर-पूर्वी भारत में गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटा) के साथ काफी व्यापक से लेकर व्यापक वर्षा होने की संभावना है. इस सप्ताह के दौरान उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तथा उत्तर-पूर्वी भारत में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की भी संभावना है.
अगले एक सप्ताह के दौरान पूर्वी भारत में; 28 अप्रैल से 01 मई के दौरान उत्तर-पश्चिमी भारत में; 27-29 अप्रैल के दौरान मध्य भारत में; और 28-30 अप्रैल के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भी गरज-चमक के साथ मौसम संबंधी गतिविधियां होने की संभावना है.
यूपी के बांदा में 47.4 डिग्री पहुंचा पारा
उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके बाद प्रयागराज में 45.5 डिग्री, वाराणसी में 45 डिग्री और झांसी में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
शनिवार को राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक है. मौसम विभाग ने यह जानकारी दी. विभाग के अनुसार लखनऊ में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
लखनऊ और आस-पास के जिलों में आज भी गर्मी
लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है तथा अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 44 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में लू चलने की आशंका काफी अधिक है. साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम शुष्क रहने और कुछ स्थानों पर गर्म रातें रहने का अनुमान जताया गया है.
उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, हल्की बारिश और बर्फबारी
- उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी का दौर जारी है. लेकिन अब मौसम विभाग ने जो बताया है उसके अनुसार अगले 7 दिनों में उत्तराखंड में मौसम में बदलाव की संभावना है, जिससे राज्य में बड़े हुए तापमान घटेंगे.
- उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 7 दिनों के लिए उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है जिसके मुताबिक अगले 24 घंटे में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग ,चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में हल्की बारिश की संभावना है.
- उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक की सीएस तोमर की जानकारी दी 25 अप्रैल से 26 अप्रैल उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्र हरिद्वार, उधमसिंह नगर जिलों को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना है.
- उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ने बताया कि 27 अप्रैल से बारिश का सिलसिला और ज्यादा होने की संभावना है जिसमें उत्तरकाशी ,रुद्रप्रयाग, चमोली ,बागेश्वर ,पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और पर्वतीय क्षेत्र में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है.
उत्तराखंड के इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने तीन दिनों के लिए उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी किया है जिसमें हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है 25 अप्रैल को राज्य के चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और नैनीताल में बिजली के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का जारी किया है . 26 अप्रैल को राज्य के उत्तरकाशी चमोली रुद्रप्रयाग बागेश्वर पिथौरागढ़ में आकाशीय बिजली के साथ तेज हवाओं और बारिश होने की संभावना है.
हिमाचल के कई इलाकों में बारिश की संभावना
हिमाचल प्रदेश में शनिवार को तापमान सामान्य से अधिक रहा और चार मौसम निगरानी केंद्रों पर भीषण गर्मी की स्थिति दर्ज की गई. मौसम विभाग के शिमला कार्यालय के अनुसार, ऊना सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद सुंदरनगर में 36.3 डिग्री, भुंतर में 34.5 डिग्री और धर्मशाला में 33.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.
मौसम विभाग ने रविवार के लिए ऊना, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है. साथ ही मंगलवार और बुधवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ छिटपुट स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसके अलावा राज्य में 27 से 30 अप्रैल तक बारिश हो सकती है. शुक्रवार शाम से राज्य में मौसम शुष्क बना रहा.
कश्मीर घाटी में रूक-रूक कर बारिश
कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में शनिवार को रुक-रुक कर बारिश हुई, जिससे लोगों को लू से राहत मिली. अधिकारियों ने कहा कि मौसम विभाग ने अगले सप्ताह के शुरु में एक बार फिर बारिश होने का अनुमान लगाया है. ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत कश्मीर के मैदानी इलाकों में शनिवार सुबह तक लगातार बारिश होती रही. जोजिला दर्रे में हल्की बर्फबारी की भी खबर है.
दोपहर में मौसम में सुधार आया. बारिश के चलते तापमान में गिरावट आयी है जिससे पिछले कुछ दिनों से घाटी में व्याप्त लू से लोगों को राहत मिली.श्रीनगर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री से अधिक था. न्यूनतम तापमान भी औसत से लगभग पांच डिग्री अधिक रहा. सामान्य तौर पर, शुक्रवार को कश्मीर के अधिकतर स्थानों पर तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक था.
मौसम विभाग ने कहा कि रविवार को मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन सोमवार से छिटपुट इलाकों में हल्की बारिश, गरज के साथ बौछारें और तेज हवाएं चलने की आशंका है. घाटी में 29-30 अप्रैल की दोपहर बाद कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
यह भी पढ़ें - आसमान से बरसते अंगारों के बीच आ रही है गुड न्यूज, दिल्ली से लेकर बिहार-झारखंड तक होगी बारिश, पढ़िए IMD का अपडेट













