भारत दशकों से आतंकी खतरे का सामना करता रहा है. सीधे जंग में हमेशा हारने वाला पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवाद को अपनी स्टेट पॉलिसी के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है. अब 23 नए आतंकियों को भारत सरकार ने खतरा माना है. इन लोगों को गृह मंत्रालय ने UAPA के तहत शनिवार को आतंकियों की लिस्ट में शामिल किया है. इन दहशतगर्दों में बेंगलुरु का रहने वाला 40 साल का इंजीनियर मोहम्मद शाहिद फैसल शामिल है तो वहीं मोहम्मद मुसद्दीक नाम का भी एक आतंकी है. फैसल इन दिनों पाकिस्तान के रावलपिंडी में ही बसा है और भारत के खिलाफ आतंक फैलाने के लिए दहशतगर्दों को भर्ती करने में जुटा रहता है.
वह इसके लिए ऑनलाइन तरीकों का इस्तेमाल करता है. इसके अलावा मोहम्मद मुसद्दीक एक ऐसा आतंकी है, जो पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद में सक्रिय है. इस आतंकी ने नागपुर स्थित आरएसएस मुख्यालय की रेकी की थी. इसके अलावा अयोध्या का राम मंदिर और पानीपत में स्थित इंडियन ऑइल की रिफाइनरी भी उसके टारगेट पर थी. वह फिलहाल भारत में आतंकियों को घुसाने और डोन्स भेजने में शामिल है. वहीं बेंगलुरु से पाकिस्तान पहुंचे फैसले के बारे में जानकारी मिली है कि वह रावलपिंडी में बसा है और लश्कर, जैश जैसे आतंकी संगठनों का हिस्सा है. इसके अलावा उसके तार इस्लामिक स्टेट से भी जुड़े हैं.
उस पर बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में हुए बम धमाके में शामिल होने का भी आरोप है. इस कांड में शामिल रहे आतंकियों का हैंडलर वही था. उसकी NIA को 2012 से ही तलाश है और 10 लाख रुपये का इनाम भी उस पर घोषित है. उसने बेंगलुरु के रमैया इंस्टिट्यूट से इंजीनियरिंग की थी. कुछ साल बेंगलुरु में ही नौकरी करने के बाद वह सऊदी अरब चला गया था और फिर वापस नहीं लौटा. उसके बाद फैसल की लोकेशन पाकिस्तान ही है. उसके अलावा भारतीय मूल के 5 अन्य लोगों को आतंकी सूची में रखा गया है. ये सभी लोग जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं. जानकारी है कि ये भी अब पाकिस्तान में ही बस गए हैं.
इन लोगों में कुलगाम का फिरदौस अहमद भट, अनंतनाग का हारून राशिद गनई, सोपोर का बिलाल अहम मीर और बारामूला का आबिद कयूम लोन शामिल हैं. इसके अलावा डोडा का नाजिर अहमद गुज्जर का नाम भी इस सूची में है. इस सूची में खूंखार आतंकी और भारत के दुश्मन नंबर एक हाफिज सईद के करीबी अब्दुल राउफ को भी शामिल किया गया है. आरोप है कि वह आतंकी गतिविधियों में सीधे तौर पर शामिल रहा है. भारत के खिलाफ कई आतंकी वारदातों में वह हैंडलर के तौर पर था.