रील बनाते समय कोबरा ने ली जान! पुरी में मशहूर स्नेक कैचर तपन कुमार की मौत

ओडिशा के पुरी में मशहूर स्नेक कैचर तपन कुमार प्रधान जहरीले कोबरा के साथ वीडियो बनाते वक्त डसने से मौत हो गई. तपन कुमार को कोबरा ने उनके घर के बरामदे में काटा, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • ओडिशा के मशहूर स्नेक कैचर तपन कुमार प्रधान जहरीले कोबरा के साथ वीडियो बनाते समय मौत के शिकार हो गए
  • तपन कुमार प्रधान अपने घर के बरामदे में कोबरा सांप को संभालते हुए सोशल मीडिया रील शूट कर रहे थे
  • सांप के काटने के बाद तपन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया
पुरी:

सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में खतरनाक स्टंट करना एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है. ओडिशा के पुरी जिले में घर के बरामदे में जहरीले कोबरा के साथ वीडियो बनाते समय मशहूर स्नेक कैचर तपन कुमार प्रधान की मौत हो गई. तपन कुमार प्रधान को सांप द्वारा डसने का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस घटना के बाद सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही और जहरीले सांपों के साथ जोखिम उठाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

रील शूट करने के दौरान कोबरा का हमला

बताया जा रहा है कि तपन कुमार प्रधान को सांप ने शुक्रवार दोपहर पुरी सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कांथापुर गांव में डस लिया. तपन कुमार प्रधान अपने घर के बरामदे में एक कोबरा सांप को संभालते हुए सोशल मीडिया रील शूट कर रहे थे. इसी दौरान सांप ने उनकी उंगलियों, कोहनी और ऊपरी बांह पर कई बार काट लिया. तपन कुमार प्रधान जहरीले सांपों को पकड़ने और उनके साथ वीडियो बनाने के लिए जाने जाते थे. वह इंस्टाग्राम पर भी सांपों को संभालते हुए वीडियो शेयर करते थे, जिनमें से कई सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे.

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

कोबरा के काटने के बाद परिजन तपन को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बाद में उन्हें पुरी के जिला मुख्यालय अस्पताल (DHH) में स्थानांतरित किया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है.

खतरनाक रील बनाने को लेकर उठे सवाल

तपन कुमार प्रधान की मौत की घटना ने सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए खतरनाक गतिविधियों में शामिल होने के जोखिम को एक बार फिर उजागर किया है. जहरीले सांपों को संभालना बेहद जोखिम भरा होता है और विशेषज्ञ प्रशिक्षण तथा उचित सुरक्षा उपायों के बिना ऐसा करना जानलेवा हो सकता है. यह घटना कंटेंट क्रिएटर्स के लिए अलर्ट है कि सोशल मीडिया पर व्यूज और वायरल होने की कोशिश में अपनी जिंदगी को खतरे में न डालें.

Advertisement

Topics mentioned in this article
Puri
Snake Catcher
Cobra Bite