भाजपा ने मंगलवार को तमिलनाडु चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया. BJP के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ये घोषणापत्र जारी किया. इसमें महिलाओं को हर महीने दो हजार रुपये देने और साल में तीन मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा किया गया है. भाजपा ने हर गरीब परिवार की महिला मुखिया को प्रति माह 2000 रुपये देने का वादा किया है. सालाना तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर और बढ़ती महंगाई से निपटने के लिए हर परिवार को एकमुश्त 10 हजार रुपये देने का वादा किया है. महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25 हजार रुपये की सब्सिडी का ऐलान किया है. जल्लीकट्टू के सांडों का पालने वालों को 2000 रुपये की मासिक सहायता और प्रतिभागी की मृत्यु होने पर 10 लाख रुपये की मदद का भी प्रस्ताव रखा है.
महिलाओं को स्टांप शुल्क में छूट
BJP ने सत्ता में आने पर तमिलनाडु में पहली बार घर खरीदने वाली महिलाओं के लिए स्टांप शुल्क में 3% छूट का वादा किया है. घरेलू सामान पर 8 हजार रुपये के कूपन जैसी सौगात देने की भी घोषणा की है. पार्टी ने बड़े मंदिरों में स्थानीय लोगों के लिए रोजाना दो घंटे के दर्शन का समय तय करने का ऐलान किया है. तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर दीपक प्रज्वलित करने समेत कार्तिकई दीपम अनुष्ठान जारी रखने का वादा किया है.नड्डा ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु में नशीली दवाओं से संबंधित अपराधों में 51 फीसदी की वृद्धि हुई है. भाजपा ने डीएमके पर भ्रष्टाचार और परिवारवाद का आरोप लगाया. साथ ही उन पर घोटालों का भी आरोप लगाया.
भाजपा ने पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने जैसे उपायों की भी घोषणा की है. इसमें जीरो एफआईआर, गंभीर अपराधों के लिए तुरंत अदालती कार्यवाही और सुरक्षा के लिए बसों, स्कूलों और विश्वविद्यालयों में 100 सीसीटीवी कैमरे लगाना शामिल है. बीजेपी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव एआईएडीएमके के साथ गठबंधन में लड़ रही है.डीएमके 10 सालों से राज्य में सत्ता संभाल रही है और विपक्षी गठबंधन के सामने उसे हैट्रिक लगाने से रोकने की चुनौती है.
नड्डा ने तमिल नव वर्ष के अवसर पर घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि आज बीआर अंबेडकर की 150वीं जयंती भी है. तमिलनाडु विश्व की सबसे प्राचीन सभ्यता का उद्गम स्थल भी है. पार्टी ने तिरुवल्लुवर और सुब्रमण्यम भारती जैसी हस्तियों का जिक्र करते हुए सांस्कृतिक विरासत पर गर्व भी जताया.














