- दिल्ली-एनसीआर में सोमवार दोपहर से मौसम बदल गया और तेज हवाओं के साथ तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया
- मौसम विभाग ने धूल भरी आंधी के बाद हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है
- हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है जो 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली है. सोमवार की सुबह तेज धूप के साथ हुई थी लेकिन दोपहर होते-होते मौसम बदल गया और हवाएं चलने लगीं. अब दिल्ली-एनसीआर में तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के लिए दिल्ली के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है और लोगों को खराब मौसम की स्थितियों के लिए तैयार रहने की सलाह दी है.
मौसम विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा कि दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में धूल भरी आंधी के बाद हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत ज्यादा संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो बढ़कर 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है.
यह भी पढ़ेंः फरवरी में रुठा मौसम मार्च में क्यों मेहरबान, 3 दिन और बारिश होगी, जानें गर्मी आते-आते अचानक क्यों बदला वेदर?
क्या दिल्ली में आने वाला है तूफान?
इसके अलावा, राजधानी के कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ हल्की बारिश या हल्की गरज-चमक वाली बौछारें पड़ने की उम्मीद है.
मौसम विभाग ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. इसका मतलब है कि लोगों को खराब मौसम के लिए तैयार रहना चाहिए. ऐसे मौसम में तेज हवाएं, बिजली कड़कने के साथ-साथ धूल के कारण कम विजिबिलिटी हो सकती है.
इसी बीच नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) की ओर से भी एक मैसेज भेजा गया है. इसमें लिखा है- 'अगले 3 घंटों में आपके जिले के आसपास के इलाकों में कुछ जगहों पर मध्यम दर्जे के तूफान के साथ सतही हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश और ओले गिरने की बहुत ज्यादा संभावना है.' मैसेज में चेतावनी दी गई है कि इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
यह भी पढ़ेंः
गर्मी से मिली राहत
मौसम बदलने के कारण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. सोमवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
सोमवार को दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान लगभग एक जैसा ही रहा. शहर के मुख्य केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पालम में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री, लोधी रोड पर 19.4 डिग्री और रिज स्टेशन पर 19.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. विभाग ने बताया कि आयानगर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.













