सरकार संसद का विशेष सत्र शुरू करने जा रही है. संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से अनुरोध किया है कि वे सोमवार, 30 नवंबर 2026 को लोकसभा और बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को राज्यसभा की बैठकें फिर से बुलाएं, ताकि आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाया जा सके. कामकाज की जरूरतों को देखते हुए, दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है.
कांग्रेस ने बुलाई अहम बैठक
संसद सत्र के ऐलान के बीच कांग्रेस ने पार्लियामेंट्री स्ट्रेटजी ग्रुप की बैठक बुलाई है. इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता विपक्ष राहुल गांधी, जयराम रमेश और सोनिया गांधी समेत कई सीनियर नेता शामिल होंंगे. बैठक कल शाम साढ़े 4 बजे होगी.
बता दें कि मॉनसून सत्र का औपचारिक रूप से समापन नहीं हुआ है. इसे अनिश्चित काल के लिए स्थगित किए हुए 98 दिन हो गए हैं. इस बीच विपक्ष लगातार सत्र को बुलाने की मांग कर रहा था. ये इतिहास में नया कीर्तिमान है, जब इतने दिनों के बाद भी सत्रावसान नहीं किया गया.अभी तक बिना सत्रावसान किए गए सत्र की रिकार्ड अवधि 87 दिनों की थी और साल था 2008. संसद के किसी भी सत्र के सत्रावसान की अभी तक की अवधि कुछ इस प्रकार है. 1987 में 76 दिन, 1989 में 54 दिन, 2006 और 2013 में 49 दिन और 1963 में 41 दिन के बाद सत्र का सत्रावसान किया गया था.
2008 में जब 87 दिनों के बाद खत्म हुआ था तब बजट के बाद 21 और 22 जुलाई को विशेष सत्र बुलाया गया था जिसमें तब की यूपीए सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हुई थी. अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के बाद भी सत्र को खत्म नहीं किया गया और फिर 17 से 24 अक्टूबर को फिर से विशेष सत्र बुला कर स्थगित किया गया और फिर 10 दिसंबर को दुबारा सत्र बुलाया गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं