नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है. नई दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी की सेहत में पहले के मुकाबले काफी सुधार हुआ है और वर्तमान में उनकी स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है.
पैरामीटर्स नॉर्मल, जारी है इलाज
अस्पताल प्रशासन की जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी के सभी मेडिकल पैरामीटर अब सामान्य हैं. हालांकि, पूरी तरह ठीक होने तक उन्हें अभी कुछ दिनों के लिए IV एंटीबायोटिक दवाएं दी जाती रहेंगी. अस्पताल के चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर और बेहतर है. अस्पताल से छुट्टी कब दी जाएगी, इसका फैसला डॉक्टरों की टीम और स्वयं मरीज से चर्चा करने के बाद ही लिया जाएगा."
क्यों हुई थीं भर्ती?
सोनिया गांधी को 24 मार्च की रात 10:22 बजे पेट और यूरिनरी ट्रैक्ट (UTI) में संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था. फिलहाल विशेषज्ञों की एक टीम उनकी देखरेख कर रही है, जिसमें डॉ. डी.एस. राणा, डॉ. अरुप बासु और डॉ. एस. नंडी शामिल हैं.
राहुल गांधी ने रद्द किया केरल का चुनावी दौरा
सोनिया गांधी की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी मां की देखभाल के लिए दिल्ली में ही रुकने का फैसला किया है. इस वजह से उनका प्रस्तावित केरल दौरा रद्द कर दिया गया है.














