बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स का बायो बदल दिया है. शहजाद पूनावाला ने कुछ घंटे पहले सोशल मीडिया साइट एक्स पर किए गए पोस्ट में अपने प्रोफाइल का अपडेटेड बायो शेयर किया है. शहजाद पूनावाला, बीजेपी के सबसे चर्चित चेहरों और प्राइम-टाइम प्रवक्ताओं में से एक के तौर पर पहचाने जाते हैं.
शहजाद पूनावाला ने पूनावाला ने पुराने इंटरव्यू के दो क्लिप भी रीपोस्ट किए हैं. गुरुवार को उन्होंने अपने अपडेटेड X बायो का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें लिखा था, "धर्म: इस्लाम, संस्कृति: हिंदू, विचारधारा: भारतीय. लेखक: GST की यात्रा. पीएम नरेंद्र मोदी के आजीवन अनुयायी." कैप्शन में बस इतना लिखा था, "मेरा अपडेटेड बायो."
एक वीडियो में उन्होंने कहा कि समाज सेवा सियासत से कहीं ज्यादा बड़ी चीज है. उसी क्लिप में उन्होंने यह भी कहा है कि वह 2025 के लोकसभा चुनावों के बाद राजनीति छोड़ने के लिए तैयार थे. वे वीडियो में कहते हुए सुने जा सकते हैं, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह तीसरी बार सत्ता में लौटने के बाद काफी भावुक दिखे थे. उनके हाव-भाव देखकर और यह जानते हुए कि उस समय बंगाल, दिल्ली, महाराष्ट्र और हरियाणा जैसे कुछ अहम चुनाव होने वाले थे, मैंने बने रहने का फैसला किया. मैंने इन चुनावों को जीतकर एक संदेश देने और फिर सक्रिय राजनीति से हट जाने के लिए कड़ी मेहनत करने का फैसला किया."
उन्होंने अपने अपडेटेड बायो का स्क्रीनशॉट शेयर करने के करीब दो घंटे बाद इन दोनों वीडियोज को रीशेयर किया.
कांग्रेस क्यों छोड़े थे शहजाद पूनावाला?
पूनावाला विपक्ष के मुखर आलोचक रहे हैं और अक्सर टीवी न्यूज शो, राजनीतिक मंचों और बहसों में बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर नजर आते रहे हैं. साल 2021 में उन्हें दिल्ली में बीजेपी के सोशल मीडिया विंग का इंचार्ज बनाया गया था. पेशे से वकील और एक्टिविस्ट शहजाद पूनावाला (38) ने कांग्रेस के साथ अपना सियासी सफर शुरू किया था. वे 2017 में तब चर्चा में आए, जब उन्होंने पार्टी प्रमुख के तौर पर राहुल गांधी को आगे बढ़ाने के लिए वंशवादी राजनीति का विरोध करते हुए अपनी ही पार्टी के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बगावत कर दी थी.