खरीफ की प्रमुख फसलों के उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि का अनुमान: कृषि मंत्री

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक प्रथम अग्रिम अनुमान के अनुसार, वर्ष 2025-26 के दौरान खरीफ चावल उत्पादन 1245.04 लाख टन अनुमानित है, जो गत वर्ष के खरीफ चावल उत्पादन से 17.32 लाख टन ज्यादा है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
नई दिल्ली:

देश में अहम खरीफ फसलों की पैदावार बढ़ने का अनुमान है. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 2025-26 के लिए मुख्य कृषि फसलों (खरीफ) के उत्पादन का प्रथम अग्रिम अनुमान जारी करते हुए कहा -- खरीफ की प्रमुख फसलों के उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि का अनुमान है, और देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन 38.70 लाख टन बढ़कर 1733.30 लाख टन तक पहुँचने का अनुमान है। खरीफ चावल व मक्का के अच्छे उत्पादन की भी उम्मीद है.

कृषि मंत्रालय के मुताबिक, देश में कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा ने फसलों को प्रभावित किया, लेकिन ज्यादातर क्षेत्रों को अच्छे मानसून से काफी लाभ हुआ है, इससे कुल मिलाकर फसलों की अच्छी वृद्धि हुई है.

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक प्रथम अग्रिम अनुमान के अनुसार, वर्ष 2025-26 के दौरान खरीफ चावल उत्पादन 1245.04 लाख टन अनुमानित है, जो गत वर्ष के खरीफ चावल उत्पादन से 17.32 लाख टन ज्यादा है. खरीफ मक्का का उत्पादन 283.03 लाख टन अनुमानित है, जो गत वर्ष के खरीफ मक्का उत्पादन से 34.95 लाख टन अधिक है.

वर्ष 2025-26 के दौरान कुल खरीफ पोषक/मोटा अनाज 414.14 लाख टन और कुल खरीफ दलहन उत्पादन 74.13 लाख टन अनुमानित है, जिसमें तूर 35.97 लाख टन, उड़द 12.05 लाख टन तथा मूंग 17.20 लाख टन का उत्पादन अनुमानित है. 2025-26 के दौरान देश में कुल खरीफ तिलहन का उत्पादन 275.63 लाख टन अनुमानित है. इसमें 110.93 लाख टन मूंगफली का उत्पादन शामिल है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6.81 लाख टन अधिक है और सोयाबीन उत्पादन 142.66 लाख टन अनुमानित है. गन्ने का उत्पादन 4756.14 लाख टन अनुमानित है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 210.03 लाख टन वृद्धि दर्शाता है. कपास का उत्पादन 292.15 लाख गांठें (प्रति गांठ 170 किलोग्राम) तथा पटसन एवं मेस्ता 83.45 लाख गांठों (प्रति गांठ 180 किलोग्राम) का उत्पादन अनुमानित है.

Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti | Iran Israel War: ईरान का अमेरिका पर पलटवार! | Mic On Hai | Top News
Topics mentioned in this article