मॉनसून की विदाई भले ही उत्तर भारत से हो गई हो, लेकिन बारिश अभी भी पीछा नहीं छोड़ रही.समुद्री इलाकों से आ रही नम हवाएं और भूमध्यसागर क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ से बादल, बारिश और बर्फबारी का माहौल पहाड़ी इलाकों में दिख रहा है. इस बर्फीली हवाओं से मैदानी इलाकों उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान में गुलाबी सर्दी का अहसास होने लगा है. दिल्ली की बात करें तो 15 अक्टूबर तक बादल छाये रहने के आसार हैं, लेकिन बारिश की संभावना कम है. उत्तराखंड में आज भी हरिद्वार समेत ज्यादातर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है.
उत्तराखंड में आज का मौसम
चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर के साथ टिहरी जिलों में भी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी है. उत्तराखंड में ओले गिरने और भारी बारिश के साथ सर्दी ने भी दस्तक दे दी है. भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान से लेकर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक बादल छाये रहने के साथ हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है. देहरादून में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक गिर गया है. मौसम वैज्ञानिक एसके सिंह का कहना है कि ये मॉनसून की बारिश नहीं है, बल्कि सक्रिय वेदर डिस्टरबेंस के कारण उत्तराखंड में ये मौसमी बदलाव देखने को मिल रहा है.
मॉनसून की विदाई के बीच बिहार-झारखंड में बारिश
उत्तर भारत के बाद दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर भारत से भी मॉनसून की विदाई शुरू हो गई है. बंगाल, बिहार और झारखंड से भी मॉनसून की विदाई अगले 3-4 दिन में हो जाएगी. पूर्वोत्तर भारत में नागालैंड, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भी मॉनसून की विदाई के पहले भारी बारिश के आसार हैं. केरल, माहे और तमिलनाडु के साथ पुडुचेरी के साथ दक्षिणी कर्नाटक में भी आज बारिश होने के आसार हैं.बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा में 10 से 15 अक्टूबर के दौरान हल्की बारिश का अनुमान है. बिहार, बंगाल और सिक्किम में 10 अक्टूबर के साथ झारखंड और ओडिशा में आंधी-तूफान, बिजली गिरने के साथ तेज हवाओं की चेतावनी है.अरुणाचल प्रदेश में 10 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी है. असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा में छिटपुट बारिश हो सकती है.
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 अक्टूबर तक बारिश जारी रहने के आसार हैं. जम्मू-कश्मीर-लद्दाख इलाके में 10 से 13 अक्टूबर तक व्यापक बारिश के संकेत हैं.हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश में भी 9 से 15 अक्टूबर के बीच बादल छाये रहने के साथ बारिश के आसार हैं. हरियाणा में 10-12 अक्टूबर, दिल्ली-चंडीगढ़ और पंजाब में 10-12 अक्टूबर को आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का मौसम
भारत मौसम विज्ञान विभाग अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है. अब पूर्वोत्तर मॉनसून दक्षिण भारत के इलाकों में सक्रिय होने से तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल जैसे इलाकों में बारिश की संभावना बन रही है.पूर्वी मध्य प्रदेश में रीवा, शहडोल, सतना, सागर जैसे क्षेत्र में 10 अक्टूबर और छत्तीसगढ़ में रायपुर, जगदलपुर समेत पूरे इलाके में 12-15 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है.आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी है.