- लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मिडिल ईस्ट संकट के बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी पर निशाना साधा
- राहुल गांधी के एपस्टीन संबंधी बयान पर स्पीकर ओम बिरला ने उन्हें केवल नोटिस के विषय पर बोलने के लिए टोक दिया
- राहुल गांधी ने देश के तेल और आर्थिक सुरक्षा मुद्दे पर अपने पास मौजूद दस्तावेज का हवाला दिया
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज मिडिल ईस्ट संकट के बीच उपजे हालातों को लेकर सरकार को घेरा. इस दौरान उन्होंने एपस्टीन फाइल का जिक्र किया और कहा कि पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी खुद को एपस्टीन का दोस्त बताते हैं. इसके बाद स्पीकर ओम बिरला ने उन्हें टोक दिया और कहा कि जिस विषय पर नोटिस दिया है आप केवल उस पर बोलें. सदन इस तरह से नहीं चलेगा. राहुल और स्पीकर के बीच हुई नोकझोंक के बाद विपक्षी सांसद लोकसभा में हंगामा और नारेबाजी करने लगे.
जब राहुल ने किया एपस्टीन का जिक्र
ईंधन संकट पर बोलते हुए राहुल गांधी ने एपस्टीन फाइल का जिक्र किया और कहा कि पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी खुद को एपस्टीन का दोस्त बताते हैं. राहुल गांधी ने कहा, 'यह एक पहेली रही है और मैं इसे समझने की कोशिश कर रहा था. अब मुझे लगता है कि मैंने इसे सुलझा लिया है और पहेली समझौते की है. हमारे यहां एक सज्जन बैठे हैं जो तेल मंत्री हैं. उन्होंने खुद कहा है कि वह एपस्टीन के दोस्त हैं.'
स्पीकर ओम बिरला ने बीच में टोका
राहुल के इस बयान पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि आप नियमों के हिसाब से बोलें. इस पर राहुल ने कहा, मैं देश हित, तेल सुरक्षा और आर्थिक सुरक्षा की बात कर रहा हूं. मेरे पास एक डॉक्यूमेंट है जिससे पता चलता है कि उन्होंने एग्रेसिव फंडिंग मांगी है.
इसके बाद स्पीकर ने राहुल गांधी को बीच में टोक दिया. उन्होंने कहा आपने सदन में जो नोटिस दिया है. आप उस पर बोलिए. अगर आपको इस मुद्दे पर बोलना था, तो पहले इसका ही नोटिस देना था. विषय से अलग बोलने की इजाजत नहीं दी जाएगी. ऐसे सदन नहीं चलेगा.
कांग्रेस सांसद करते रहे नारेबाजी
राहुल गांधी के बयान के बाद पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी जवाब देने के लिए उठे. उन्होंने देश में ईंधन संकट पर बयान दिया. इस दौरान कांग्रेस के सांसद सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. हरदीप सिंह पुरी के बयान के बाद स्पीकर ने सांसदों से अपनी जगह बैठने की अपील की.
यह भी पढ़ें: ऊर्जा संकट पर लोकसभा में बहस, राहुल ने लिया एपस्टीन का नाम.. स्पीकर बिरला बोले- NO, NO, NO














