बेंगलुरु में बवाल की आशंका? मुनव्वर फारूकी के कॉमेडी शो की परमिशन रद्द करने के लिए हिंदू संगठनों ने खोला मोर्चा

बेंगलुरु में होने वाले मुनव्वर फारूकी के कॉमेडी शो को लेकर हिंदू जनजागृति समिति ने विरोध जताया है. संगठन ने कानून-व्यवस्था और संभावित विरोध का हवाला देकर पुलिस से शो की अनुमति रद्द करने की मांग की है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बेंगलुरु:

स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी के बेंगलुरु में प्रस्तावित कॉमेडी शो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. हिंदू जनजागृति समिति ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस से शो की अनुमति रद्द करने या इसे निरस्त करने की मांग की है.

संगठन की ओर से बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर को एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें 18 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित शो को लेकर संभावित तनाव और विरोध प्रदर्शन की आशंका जताई गई है.

कमिश्नर को लिखा पत्र, शो कैंसिल कराने की मांग

ज्ञापन में मुनव्वर फारूकी से जुड़े पिछले विवादों का जिक्र किया गया है. संगठन ने बताया कि वर्ष 2021 में इंदौर में धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोपों को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था, जिसके तहत उन्हें एक महीने से अधिक समय तक न्यायिक हिरासत में रखा गया था. बाद में सुप्रीम कोर्ट से उन्हें जमानत मिली थी. समिति के अनुसार यह मामला अब भी अदालत में विचाराधीन है.

यह भी पढ़ें- टीसीएस धर्मांतरण केस: सदमे में निदा खान के माता-पिता, बोले- "बेटी प्रेग्‍नेंट, उसे फंसाया जा रहा"

हिंदू जनजागृति समिति की अपील

हिंदू जनजागृति समिति ने यह भी दावा किया कि प्रयागराज और मुंबई जैसे शहरों में फारूकी के कार्यक्रमों को लेकर आपत्तियां दर्ज की जा चुकी हैं. साथ ही, बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली, पुणे, हैदराबाद, गोवा, रायपुर और गुरुग्राम सहित कई शहरों में पहले भी उनके शो आंदोलनों या कानून-व्यवस्था की आशंका के चलते रद्द किए जा चुके हैं या अनुमति नहीं दी गई है.

Advertisement

संगठन का कहना है कि बेंगलुरु में शो की अनुमति देने से जनभावनाएं आहत हो सकती हैं और विरोध-प्रदर्शन के कारण सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने का खतरा है. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस से एहतियाती कदम उठाने और आवश्यकता पड़ने पर शो रद्द करने की अपील की गई है.

समिति ने स्पष्ट किया कि यह मांग कानून-व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है. फिलहाल पुलिस की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Exclusive: युद्धग्रस्त लेबनान में आज किस हालत में है महान लेखक खलील जिब्रान का गांव और उनकी मजार