PHOTOS : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पहली बार किया दिल्ली मेट्रो में सफर, केंद्रीय सचिवालय से नेहरू प्लेस तक की यात्रा

अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में छात्रों से बातचीत के दौरान मुर्मू ने उनसे उनकी करियर योजनाओं के बारे में पूछा. अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने दिल्ली मेट्रो की वॉयलेट लाइन पर यात्रा की, जो कि कश्मीरी गेट और फरीदाबाद में राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़) के बीच संचालित होती है.

विज्ञापन
Read Time: 10 mins
छात्रों से बातचीत के दौरान राष्ट्रपति ने उनकी करियर योजनाओं के बारे में पूछा.

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को दिल्ली मेट्रो में यात्रा की. राष्ट्रपति पद संभालने के बाद मुर्मू ने पहली बार मेट्रो ट्रेन में सफर किया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. मुर्मू दिल्ली मेट्रो से यात्रा करने वाली भारत की दूसरी सेवारत राष्ट्रपति हैं. वर्ष 2012 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने भी मेट्रो में सफर किया था.

राष्ट्रपति भवन ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति मुर्मू ने दिल्ली मेट्रो में यात्रा की और यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों से बातचीत की.'' इसने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू ने अमृत उद्यान आने वाले आगंतुकों के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन (गेट नंबर 4) और अमृत उद्यान (गेट नंबर 35) के बीच एक शटल बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाई, जो सुबह 9.30 बजे से शाम पांच बजे तक हर 30 मिनट में चलती है.

अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में छात्रों से बातचीत के दौरान मुर्मू ने उनसे उनकी करियर योजनाओं के बारे में पूछा. अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने दिल्ली मेट्रो की वॉयलेट लाइन पर यात्रा की, जो कि कश्मीरी गेट और फरीदाबाद में राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़) के बीच संचालित होती है.

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन में सवार हुईं और नेहरू प्लेस मेट्रो स्टेशन तक यात्रा की, फिर केंद्रीय सचिवालय वापस आ गईं. दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक विकास कुमार यात्रा के दौरान राष्ट्रपति के साथ थे.

कुमार ने राष्ट्रपति को डीएमआरसी के कामकाज के विभिन्न पहलुओं के बारे में बताया और निर्माण परियोजनाओं के बारे में भी जानकारी दी. राष्ट्रपति ने एनसीएमसी (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) रुपे कार्ड का इस्तेमाल करके यात्रा की.

मुर्मू ने आगंतुक पुस्तिका में की गई अपनी टिप्पणियों में दिल्ली मेट्रो की सराहना की और यात्रा को सुखद बताया. उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो आज दुनिया की सबसे आधुनिक और कुशल जन परिवहन प्रणालियों में से एक मानी जाती है. मुर्मू ने कहा कि दिल्ली मेट्रो का प्रदर्शन सभी महत्वपूर्ण मापदंडों पर विश्वस्तरीय है और इसने देश को गौरवान्वित किया है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
NDTV Indian Of The Year 2025: Vicky Kaushal बने Actor of the Year | Bollywood | NDTV India