राज्यसभा चुनाव: DK शिवकुमार का आरोप- विधायकों को ₹5-5 करोड़ का ऑफर, खरीदने आए 4 लोग, ब्लैंक चेक के साथ 2 गिरफ्तार

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को दावा किया कि यहां स्थित एक रिजॉर्ट में ठहरे ओडिशा कांग्रेस के विधायकों को रिश्वत की पेशकश करने के मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी से भाजपा के ‘ऑपरेशन लोटस’ का भंडाफोड़ हो गया है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार.
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • कर्नाटक के डिप्टी CM DK शिवकुमार ने ओडिशा के कांग्रेस विधायकों को 5-5 करोड़ देने की कोशिश का आरोप लगाया.
  • उन्होंने कहा कि 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, इनके पास खाली चेक बरामद हुए.
  • ओडिशा कांग्रेस विधायक दल के उपनेता ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
बेंगलुरु:

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने रविवार को आरोप लगाया कि 4 व्यक्तियों ने ओडिशा के कांग्रेस विधायकों को प्रति विधायक ₹5 करोड़ का लालच देकर क्रॉस-वोटिंग कराने की कोशिश की. शिवकुमार के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इनमें से दो व्यक्तियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है. इनके पास से ब्लैंक चेक (Blank Cheques) बरामद होने का दावा किया गया है, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहे. बता दें कि ओडिशा की 14 सदस्यीय कांग्रेस पार्टी ने अपने 8 विधायकों को सुरक्षा के लिहाज से बेंगलुरु के पास 'वंडरलॉ रिसॉर्ट' (बिदादी) में ठहराया है. ये विधायक सोमवार (16 मार्च) को मतदान से ठीक पहले ओडिशा लौटेंगे.

दो लोगों की गिरफ्तारी से BJP के ऑपरेशन लोटस का खुलासा 

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को दावा किया कि यहां स्थित एक रिजॉर्ट में ठहरे ओडिशा कांग्रेस के विधायकों को रिश्वत की पेशकश करने के मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी से भाजपा के ‘ऑपरेशन लोटस' का भंडाफोड़ हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि BJP ने ओडिशा में ‘ऑपरेशन लोटस' की योजना बनाई है और 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनावों से पहले यहां लाए गए प्रत्येक विधायक को पांच करोड़ रुपये की पेशकश की जा रही थी.

कांग्रेस की ओडिशा इकाई के एक वरिष्ठ नेता ने बेंगलुरु में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने पार्टी विधायकों को रिश्वत देने की कोशिश की और जब उन्होंने प्रस्ताव ठुकरा दिया तो उन्हें धमकाया.

ओडिशा के 8 कांग्रेस विधायक बेंगलुरु के रिजॉर्ट में

कांग्रेस की ओडिशा इकाई के कुछ अन्य पदाधिकारियों के साथ आठ विधायक भी रिजॉर्ट में डेरा डाले हुए हैं. उन्हें राज्यसभा चुनावों के दौरान ओडिशा में सत्तारूढ़ भाजपा के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंकाओं के बीच बेंगलुरु लाया गया है. कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाल रहे शिवकुमार ने कहा कि ओडिशा कांग्रेस विधायकों को रिश्वत देने की कोशिश करने के आरोप में दो लोगों को निजी रिजॉर्ट से गिरफ्तार किया गया है.

Advertisement

प्रत्येक विधायक को 5-5 करोड़ का ऑफर

शिवकुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘चार लोग आए थे. सुरेश नाम के एक स्थानीय व्यक्ति ने उनकी मदद की. उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से उनसे (विधायक से) संपर्क किया. सुबह वे हमारे विधायक को ले गए. हमारे विधायक ने हमें बताया कि उन्होंने प्रत्येक वोट के लिए पांच करोड़ रुपये की पेशकश की थी. उन्होंने (कांग्रेस विधायक) कहा कि वे बिकने वाले नहीं हैं.''

उन्होंने आगे कहा, ‘‘चेक और बाकी सभी दस्तावेज जब्त किए जाने चाहिए. पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई जाएगी. इसके बाद जो भी कानूनी कार्रवाई आवश्यक होगी, वह की जाएगी.'' शिवकुमार ने कहा कि पकड़े गए लोगों ने स्वीकार किया है कि वे खरीद फरोख्त करने आए थे.

Advertisement

गिरफ्तार लोगों ने खरीद-फरोख्त की बात कबूली

उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने (अपराध)स्वीकार किया है और अन्य लोगों का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है. यह कर्नाटक में भाजपा के समर्थकों द्वारा चलाया गया ‘ऑपरेशन लोटस' है.'' कांग्रेस ‘ऑपरेशन लोटस' का इस्तेमाल कमल चुनाव चिह्न का प्रयोग करने वाली भाजपा पर गैर भाजपाई सरकारों को गिराने के लिए या राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए कथित तौर पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाने के लिए करती है.

एक सूत्र ने तस्वीर और खाली चेक भी साझा किए. सूत्र ने बताया, ‘‘उन्होंने कांग्रेस विधायक को एक खाली चेक की पेशकश करके उनसे बातचीत करने की कोशिश की. दोनों को पकड़ लिया गया है और बिदादी पुलिस के हवाले कर दिया गया है.''

ओडिशा कांग्रेस विधायक दल के उपनेता ने पुलिस को दी शिकायत

इसी बीच, ओडिशा में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता अशोक कुमार दास ने बिदादी थाने के प्रभारी को दी गई शिकायत में कहा कि चार व्यक्तियों ने कुछ विधायकों से संपर्क किया और कथित तौर पर उन्हें राज्यसभा चुनाव में एक उम्मीदवार के पक्ष में ‘क्रॉस-वोट' करने के लिए करोड़ों रुपये की पेशकश की. दास ने शिकायत में कहा, ‘‘हमारे विधायकों की सुरक्षा के लिए, हमारे आठ एमएलए बेंगलुरु आए हैं और 12 मार्च से यहीं रह रहे हैं.''

उन्होंने कहा कि यह कदम इस आशंका के चलते उठाया गया है कि ओडिशा में सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा एक अतिरिक्त उम्मीदवार को मैदान में उतारने के बाद विधायकों को प्रभावित करने के प्रयास किए जा सकते हैं.

दास ने आरोप लगाया, ‘‘आज चार अज्ञात व्यक्तियों ने हमारे कुछ विधायकों से मुलाकात की और एक उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के लिए उन्हें करोड़ों रुपये की रिश्वत देने की कोशिश की. जब हमारे विधायकों ने उनका प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो उन व्यक्तियों ने हमें ओडिशा लौटने पर जान से मारने की धमकी दी और अपशब्दों का भी प्रयोग किया.''

Advertisement

दास ने इस मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान बीरेंद्र प्रसाद, सुरेश, अजित कुमार साहू और सिमचल मोहकुड के रूप में की और पुलिस से विधायकों को रिश्वत देने के कथित प्रयास और धमकियों के संबंध में ‘‘कानून सम्मत कार्रवाई करने'' का आग्रह किया.

राज्यसभा के लिए 16 मार्च को वोटिंग

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि विधायक रविवार रात भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगे. वे सोमवार सुबह मतदान में भाग लेंगे. कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, ओडिशा में राज्यसभा चुनाव सोमवार को होंगे. भाजपा ने विधानसभा में अपने संख्या बल से इतर एक और उम्मीदवार मैदान में उतारा है जिससे विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंकाएं बढ़ गई हैं.

यह भी पढे़ं- क्रॉस वोटिंग का डर, होटल में शिफ्ट हुए विधायक... राज्यसभा चुनाव को लेकर RJD चौकन्ना

Advertisement
Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Iran Israel War | Bharat Ki Baat Batata Hoon: ईरान नहीं रूस में है Mojtaba Khamenei?