- नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण कर बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है.
- वे चारों सदनों के सदस्य बन चुके हैं और यह उपलब्धि प्राप्त करने वाले चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं.
- शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार आज शाम दिल्ली से पटना लौटेंगे और नई सरकार गठन प्रक्रिया तेज होगी.
बिहार की सियासत के लिए आज का दिन एक बड़े और ऐतिहासिक बदलाव का गवाह बना. लंबे समय तक राज्य की कमान संभालने वाले नीतीश कुमार ने आज राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली. शपथ ग्रहण से पहले उन्होंने संसद भवन में राज्यसभा में नेता सदन जे.पी. नड्डा से मुलाकात की.
चारों सदनों के सदस्य बन चुके नीतीश
राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें उच्च सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई. इसके साथ ही नीतीश कुमार उन चुनिंदा नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं जो चारों सदनों- विधानसभा, विधानपरिषद, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रहे हैं.
PM मोदी ने दी बधाई
नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण पर पीएम मोदी ने बधाई दी है. पीएम मोदी ने X पर लिखा, 'नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं. सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है. उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है. उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा. सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी' राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने पर उन्हें हार्दिक बधाई और आगे के कार्यकाल के लिए ढेरों शुभकामनाएं.'
यह भी पढ़ें- संघर्ष, लालू का विरोध और फिर अविजित नीतीश.. कहानी राजनीति के धुरंधर सुशासन कुमार की
बता दें कि शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार आज शाम ही दिल्ली से पटना लौटेंगे. उनके लौटते ही बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया के और तेज होने की उम्मीद है. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के साथ ही राज्य में नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सियासी सस्पेंस गहरा गया है.
बिहार में सम्राट चौधरी को सीएम बनाने की मांग तेज
इस बीच, शपथ ग्रहण से पहले पटना स्थित बीजेपी दफ्तर के बाहर सम्राट चौधरी को बिहार का नया मुख्यमंत्री घोषित करने वाले पोस्टर लगाए गए. इन पोस्टरों पर ‘वाल्मीकि समाज' का नाम लिखा था, हालांकि बाद में पार्टी दफ्तर के कर्मचारियों ने इनमें से कुछ पोस्टर हटा दिए.
यह भी पढ़ें- बीजेपी कार्यालय के बाहर सम्राट चौधरी के पोस्टर से हलचल, कुछ ही देर में हटाए; पार्टी की ओर से कही गई ये बात
कल शाम ही दिल्ली आ गए थे नीतीश
गौरतलब है कि नीतीश कुमार गुरुवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे, जहां जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया. बिहार की सक्रिय राजनीति से दिल्ली के सत्ता गलियारों तक का यह सफर न केवल नीतीश कुमार की राजनीतिक पारी का नया अध्याय माना जा रहा है, बल्कि बिहार एनडीए के लिए भी एक बड़ी परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है.













