- मुंबई में लगातार तीसरे दिन बारिश का दौर जारी है. बीते 24 घंटों में पूरे शहर में ज़ोरदार बारिश दर्ज की गई है.
- इससे कई जगह निचले इलाकों में जलजमाव हो गया है. सबवे बंद हो गए हैं.
- बारिश और जलजमाव के बीच अलग-अलग हादसों में लोगों की मौत की घटनाएं भी सामने आई हैं.
Mumbai Rainfall Update: मुंबई में हो रही लगातार बारिश से जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है. कई जगहों पर सड़कों पर घुटने तक पानी जमा हो गया है. अंधेरी में सबवे डूब चुका है. रेलवे पटरियों पर भी पानी भर गया है. निचले इलाकों में लोगों के घर में पानी भर आया है. कई जगहों से सामने तस्वीरों में सड़कें झील सी बनी नजर आई, जिसमें कार सहित छोटी गाड़ियां तैरती नजर आईं. दादरी रेलवे स्टेशन पर पटरियों पर पानी आ गया है. कई सबेवे पानी में भर चुके हैं. इधर मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई, रायगढ़, पालघर, थाने में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है.
सायन के कमला नगर में जलभराव, घरों में घुसा गटर का पानी
सायन के कमला नगर इलाके में कई लोगों के घरों में पानी घुस गया है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन द्वारा नाले की सफाई ठीक से नहीं की गई है. नाले की सफाई न होने और आसपास चल रहे निर्माण कार्यों के कारण लोगों के घरों में पानी भरा हुआ है, बीते चार दिनों से यहा यही स्थिति है. गटर का गंदा पानी घरों में जमा होने से इलाके में गंभीर बीमारियों के फैलने का डर काफी बढ़ गया है.
सायन में जलजमाव, घरों में घुसा गटर का पानी.
Photo Credit: NDTV
विज़िबिलिटी कम होने से ट्रेन परिलाचन में भी देरी
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार सुबह भारी बारिश की वजह से कम विजिबिलिटी (साफ़ न दिखना) के कारण मुंबई के सेंट्रल रेलवे नेटवर्क पर ट्रेन सेवाएं देरी से चल रही थीं. सेंट्रल रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर (CPRO) के अनुसार, नेटवर्क के कई हिस्सों में कम विज़िबिलिटी के कारण ट्रेनें देरी से चल रही हैं.
CPRO ने बताया कि हार्बर लाइन और मेन लाइन पर सेवाएं लगभग 5 से 10 मिनट की देरी से चल रही हैं. गुरुवार को सुबह से ही शहर में हुई भारी बारिश के कारण मुंबई के कई इलाकों में भारी जलजमाव हो गया, जिससे ट्रैफिक बाधित हुआ और आम जनजीवन प्रभावित हुआ.
अंधेरी, कुर्ला ईस्ट, SG बर्वे रोड, सिंधी सोसाइटी, चेंबूर, किंग्स सर्कल और गांधी मार्केट इलाकों की तस्वीरों में सड़कों पर पानी भरा हुआ दिखा, जिससे गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई.
लगातर तीसरे दिन भी बारिश
दरअसल मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार तीसरे दिन बारिश का दौर जारी है. इससे कई निचले इलाकों में पानी भर गया है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और उसके उपनगरों में तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है. शहर में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, 1 जुलाई को सुबह 8 बजे से 2 जुलाई को सुबह 6 बजे तक मुंबई शहर में 134 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 164 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 149 मिमी वर्षा दर्ज की गई.
मुंबई में कहां कितनी बारिश?
मिठा नगरपालिका में सबसे अधिक 218 मिमी बारिश
बीएमसी के अनुसार, पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक बारिश मुलुंड स्थित मिठा नगर पालिका स्कूल इलाके में 218.6 मिमी दर्ज की गई. इसके अलावा एस वार्ड कार्यालय इलाके में 212 मिमी, पवई के पासपोली नगर पालिका स्कूल इलाके में 208.4 मिमी, गावनपाड़ा फायर स्टेशन क्षेत्र में 205.8 मिमी और मानखुर्द फायर स्टेशन क्षेत्र में 200 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई.
गरज-चमक के साथ बरिश और आंधी की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई शहर और उपनगर क्षेत्र के लिए गरज-चमक, बिजली गिरने, 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने लोगों से जरूरी सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान बिना वजह घरों से बाहर न निकलने की अपील की है.
पालघर में भारी बारिश के कारण स्कूल बंद
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ओर से पालघर जिले के लिए गुरुवार को रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद एहतियातन 2 जुलाई को जिले के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं. मुंबई शहर के कुछ हिस्सों में गुरुवार सुबह जोरदार बारिश हुई. इससे कई इलाकों में जलजमाव हो गया.
अपीलः बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से निकले
उधर, पालघर जिले के वसई-विरार, नालासोपारा और अन्य क्षेत्रों में बुधवार रात से लगातार तेज बारिश हो रही है. गुरुवार सुबह भी आसमान में घने काले बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहा. रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पूरे जिले में सभी स्कूल रखे गए हैं. प्रशासन ने लोगों से जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और सावधानी बरतने की अपील की है.
सांताक्रूज में 216, अंधेरी में 204 मिमी बारिश
पश्चिमी उपनगरों में सांताक्रूज सबसे अधिक प्रभावित रहा. यहां एसडब्ल्यूएम सांताक्रूज वर्कशॉप में 216 मिमी और नारियलवाड़ी स्कूल में 214.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं, अंधेरी फायर स्टेशन में 204 मिमी, कूपर अस्पताल में 193.2 मिमी और के-वेस्ट वार्ड कार्यालय में 192.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही, जबकि कुछ स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ. प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है.
मुंबई शहर क्षेत्र में जी-साउथ वार्ड कार्यालय में 187.8 मिमी, एफ-साउथ वार्ड कार्यालय में 179 मिमी, एफ-नॉर्थ वार्ड कार्यालय में 175 मिमी, वडाला स्थित बी. नाडकर्णी पार्क नगर पालिका स्कूल में 173.6 मिमी और वर्ली के आदर्श नगर स्कूल में 172.8 मिमी बारिश दर्ज की गई.
यह भी पढ़ें - दिल्ली NCR में आंधी, तूफान और बारिश, यूपी-बिहार से राजस्थान तक मॉनसून की गुड न्यूज, मुंबई में रेड अलर्ट