Moradabad Leopard Attack News: मुरादाबाद के कांठ और आसपास के गांवों में पिछले कई दिनों से दहशत का कारण बना खूंखार तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के शिकंजे में आ गया है. तीन बच्चों पर हमले के बाद चलाए गए ऑपरेशन में देर रात टीम को बड़ी सफलता मिली और तेंदुआ पिंजरे में कैद कर लिया गया.
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा, कांठ क्षेत्र के महदूद कलमी और आसपास के गांवों में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में खौफ था. तेंदुए ने बीते दिनों तीन बच्चों पर हमला किया था, जिससे हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए थे. लोग अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने से भी डर रहे थे.
ऐसे बिछाया गया जाल
वन विभाग को लगातार तेंदुए की मूवमेंट की सूचना मिल रही थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था. इसके बाद टीम ने रणनीति बदलते हुए अलग-अलग जगहों पर पिंजरे लगाए और उनमें चारा रखा. कई दिनों की मशक्कत के बाद कांठ थाना क्षेत्र के मोहम्मद कामी गांव के पास देर रात तेंदुआ पिंजरे में फंस गया.
पिंजरे में भी दिखा आक्रामक रूप
तेंदुआ पकड़े जाने के बाद भी काफी उग्र नजर आया. वह लगातार दहाड़ता रहा और पिंजरे से बाहर निकलने की कोशिश करता दिखा.
जैसे ही खबर फैली, मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोगों ने राहत की सांस ली.
DFO के नेतृत्व में चला ऑपरेशन
मुरादाबाद के डीएफओ अविनाश पांडे के नेतृत्व में यह पूरा अभियान चलाया गया. अधिकारियों के अनुसार, पकड़ा गया तेंदुआ करीब 6 से 7 साल का वयस्क है और वही हमलों के लिए जिम्मेदार था.
ये भी पढ़ें: इंसानों के लिए मंगवा ली जानवरों वाली 60,000 सिरिंज ! नोएडा के जिला अस्पताल में गजब की लापरवाही














