महाबलेश्वर के पास 1500 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, दूरबीन से खोजे गए शव, 8 लोगों की मौत

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

महाराष्ट्र के महाबलेश्वर के पास बड़ा हादसा हुआ है. कोंकण से लौट रहे पर्यटकों की गाड़ी गहरी खाई में गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में सतारा के 8 युवकों की मौत हो गई. खाई 1500 फीट गहरी है. दूरबीन की मदद से शव खोजे जा रहे हैं.

जानकारी के अनुसार ये हादसा रायगढ़ के आंबेनली घाट पर  रविवार रात हुआ. एक स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा दाबेली गांव से कुछ ही दूरी पर हुआ.

घटना की जानकारी मिलते ही पोलादपुर पुलिस प्रशासन के साथ-साथ महाबलेश्वर ट्रैकर्स, प्रतापगड रेस्क्यू टीम, सिस्केप महाड पोलादपुर, आपदा मित्र और स्थानीय लोगों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.

कोंकण से लौटते समय तड़के हुआ हादसा

यह दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो गाड़ी सतारा जिले के कोरेगांव तालुका के आसगांव की है. यह हादसा तब हुआ जब ये सभी लोग कोंकण से वापस सतारा की ओर लौट रहे थे. आंबेनली घाट में तड़के करीब 2:45 बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ. यह घटना उसी क्षेत्र में हुई है, जहां साल 2018 में दापोली कृषि विश्वविद्यालय की बस खाई में गिरी थी.

Advertisement

खाई अत्यधिक गहरी होने के कारण बचाव दल ने शुरुआत में दूरबीन की मदद से तलाश शुरू की, जिसमें पहला शव दिखाई दिया. बेहद कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू टीम को करीब 500 से 700 फीट की गहराई पर 2 शवों को ढूंढने में सफलता मिल चुकी है. पोलादपुर पुलिस और बचाव दल द्वारा दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी और बाकी शवों को बाहर निकालने के लिए खोजी अभियान लगातार जारी है.

सभी मृतक सतारा के रहने वाले

शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो गाड़ी सतारा जिले की है. गाड़ी में सवार पर्यटक सतारा, आसगांव और कोरेगांव इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं. बचाव दल द्वारा स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार अन्य यात्रियों के शवों को ढूंढने का काम लगातार जारी है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
वक़्फ़ संपत्तियों को दिए गए नोटिस पर फिरंगी महल के प्रवक्ता और सुन्नी धर्मगुरु मौलाना सूफ़ियान निज़ामी क्‍या बोले?