- केरल के त्रिशूर जिले के मुंडथिक्कोडु इलाके में पटाखा निर्माण यूनिट में भीषण विस्फोट हुआ, 12 लोगों की मौत
- विस्फोट के समय यूनिट में लगभग 40 कर्मचारी काम कर रहे थे, जो त्रिशूर पूरम उत्सव की तैयारियों में लगे थे।
- घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी, जिससे आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ।
केरलम के त्रिशूर जिले के मुंडथिक्कोडु इलाके में मंगलवार को एक पटाखा निर्माण यूनिट में भीषण विस्फोट गया. इस विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब शहर में आयोजित होने वाले वार्षिक हिंदू मंदिर उत्सव त्रिशूर पूरम की तैयारियां चल रही थीं. घटनास्थल पर पहुंचे राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट के समय यूनिट में करीब 40 लोग काम कर रहे थे, क्योंकि आयोजकों द्वारा कर्मचारियों के लिए दोपहर का भोजन लाया गया था. इस हादसे पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है.
बड़ी संख्या में थी विस्फोटक सामग्री
एक अधिकारी ने बताया कि हमें सूचना मिली है कि सात लोग वहां से भागने में सफल रहे. बताया जा रहा है कि यह विस्फोट उस पटाखा इकाई में हुआ, जहां त्रिशूर पूरम के थिरुवंबाडी गुट के लिए आतिशबाजी के सैंपल तैयार किए जा रहे थे. सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी, जिसमें आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ. घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और प्रशासन ने त्रिशूर मेडिकल कॉलेज सहित आसपास के अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति से निपटा जा सके.
आसमान में देखा गया धुएं का गुबार
विस्फोट के बाद इलाके में घना धुआं और आग फैल गई, जिससे बचाव कार्यों में भी कठिनाई आई. घटनास्थल पर मौजूद अधजले और बिना फटे विस्फोटकों के कारण राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ. पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गईं. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे धमाके की तीव्रता और वहां मौजूद विस्फोटक सामग्री के पैमाने का अंदाजा लगाया जा सकता है. राज्य संचालित केआईएलए के कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने तेज धमाके की आवाज सुनी और पहले उन्हें लगा कि यह भूकंप है.
पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान भी किया
पीएम मोदी ने इस घटना पर दुःख व्यक्त किया और मुआवजे का ऐलान किया है. पीएमओ की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना को लेकर दुःख व्यक्त किया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि केरलम के त्रिशूर स्थित एक पटाखा कारखाने में हुई दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ. मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। पीएमओ की तरफ दी गई जानकारी के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे.
वहीं, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने त्रिशूर में पटाखों के विस्फोट के बाद चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए सभी सरकारी विभागों को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया है. उन्होंने मुख्य सचिव से बात की और स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि यदि आवश्यक हो तो झुलसे पीड़ितों के उपचार के लिए राज्य के बाहर से विशेषज्ञ डॉक्टरों को बुलाया जाए.
यह भी पढ़ें: 'पीएम मोदी आतंकवादी...', मचा बवाल तो सफाई देने लगे कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, हमलावर हुई बीजेपी













