- होर्मुज स्ट्रेट से तेल ले जा रहे दो भारतीय जहाजों पर ईरानी सेना ने गोलीबारी की, जिससे रास्ता बदलना पड़ा
- भारत ने इस घटना पर नाराजगी जताई और ईरानी राजदूत मोहम्मद फथाली को तलब किया था
- ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि उन्हें हमले की जानकारी नहीं है
होर्मुज स्ट्रेट से तेल लेकर आ रहे दो भारतीय जहाजों पर शनिवार को गोलीबारी हुई. इसके बाद उन्हें अपना रास्ता बदलना पड़ा. इस घटना पर भारत ने नाराजगी जताते हुए ईरानी राजदूत मोहम्मद फथाली को तलब किया. भारत की नाराजगी जताने के बाद ईरान अब बैकफुट पर आ गया है. भारतीय जहाजों पर हमले के बाद ईरान ने कहा कि भारत के साथ उसके रिश्ते काफी मजबूत हैं.
भारत के ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा, 'ईरान और भारत के बीच रिश्ते बहुत मजबूत हैं.' भारतीय जहाजों पर हमले की घटना पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बाक की कोई जानकारी नहीं है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि 'हमें उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा और यह मामला सुलझ जाएगा.'
अमेरिका के साथ युद्ध को लेकर डॉ. इलाही ने कहा, 'हम यह युद्ध नहीं चाहते और हमें उम्मीद है कि दूसरा पक्ष भी शांति का पालन करेगा ताकि हम एक शांतिपूर्ण क्षेत्र बना सकें.'
यह भी पढ़ेंः होर्मुज में भारतीय जहाजों पर हमला, ईरानी सेना और IRGC में मतभेद?
भारतीय जहाजों पर IRGC ने की थी गोलीबारी
28 फरवरी से जंग शुरू होने के बाद से ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को लगभग बंद कर दिया है. शुक्रवार को ही ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने होर्मुज खोलने का ऐलान किया था. हालांकि, बाद में अमेरिका की नाकाबंदी के कारण IRGC ने होर्मुज को बंद कर दिया.
शनिवार को जब भारतीय जहाज तेल लेकर यहां से गुजर रहे थे, तब ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने गोलीबारी कर दी. इसके बाद भारतीय जहाजों को अपना रास्ता बदलना पड़ा. इस घटना पर भारत ने ईरानी राजदूत के सामने कड़ा विरोध जताया.
इस गोलीबारी के बीच भारत के एक जहाज ने होर्मुज पार कर लिया है, जबकि 4 जहाज वापस लौट गए. होर्मुज में जारी तनाव के बीच शनिवार को 'देश गरिमा' नाम के जहाज ने होर्मुज को पार कर लिया है. जबकि, ‘सनमार हेराल्ड', ‘देश वैभव', ‘देश विभोर' और ‘जग अर्नव' नाम के जहाज वापस लौट गए.
यह भी पढ़ेंः होर्मुज पार करने की कोशिश कर रहे भारतीय जहाज को जब ईरानी नेवी ने भेजा वापस, VIDEO आया सामने













