तेल संकट के बीच सरकार ने दी राहत की खबर- 2 महीने का क्रूड स्टॉक सुरक्षित, सप्लाई के पुख्ता इंतजाम

पेट्रोलियम मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर को पार कर गया है. इसके बावजूद घरेलू ग्राहकों के लिए पेट्रोल-डीज़ल के दाम नहीं बढ़े है. 6 अप्रैल 2022 के बाद से पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें नहीं बढ़ी हैं.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध के वजह से गहराए पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके ताजा अपडेट दिए. पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने कहा कि हमारे पास पर्याप्त मात्रा में क्रूड स्टॉक है. सरकार ने अगले दो महीनों के लिए क्रूड ऑयल की सप्लाई के लिए जरूरी इंतज़ाम कर लिए हैं. हमारी रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं.

4 साल से नहीं बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम

उन्होंने बताया कि ब्रेंट क्रूड जो लगभग दो महीने पहले 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास चल रहा था, वो अब 100 डॉलर को पार कर गया है. इसके बावजूद घरेलू ग्राहकों के लिए पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है. 6 अप्रैल 2022 के बाद से पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें नहीं बढ़ाई गई हैं. उलटे मार्च 2024 में दोनों ईंधनों की कीमतें 2 रुपये कम की गई थीं, जो अभी भी बरकरार है. 

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा

तेल में उथल-पुथल से बचाने के उपाय

उन्होंने बताया कि तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उतार-चढ़ाव से घरेलू ग्राहकों को बचाने के लिए सरकार ने एक्साइज़ ड्यूटी कम कर दी ताकि कीमतों में हुई बढ़ोतरी का बोझ उन पर न पड़े. विमानन ईंधन एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) और डीजल की बाजार में पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने निर्यात शुल्क भी लगाया है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सऊदी CP बेंचमार्क में वृद्धि के बावजूद, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है. उन्होंने लोगों से पैनिक बाइंग से बचने की अपील भी की.  

PNG नेटवर्क बढ़ाने के लिए कई कदम 

उन्होंने कहा कि गैस के मामले में घरेलू उपभोक्ताओं और CNG परिवहन के लिए 100% आपूर्ति सुनिश्चित की गई है.  साथ ही PNG नेटवर्क के विस्तार के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं. शर्मा ने बताया कि मार्च के महीने में लगभग 3.25 लाख नए गैस कनेक्शन दिए गए, जबकि करीब 2.85 लाख नए कनेक्शन जारी किए गए और लगभग 3.5 लाख उपभोक्ताओं ने नए कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया. 

Advertisement

महंगे ATF से घरेलू यात्रियों को दी राहत 

नागरिक उड्डयन मंत्रालय में संयुक्त सचिव असंगबा चुबा एओ ने कहा कि आज सुबह पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ATF यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों को लेकर अहम घोषणा की है. घरेलू रूटों पर चलने वाली घरेलू शेड्यूल एयरलाइंस के लिए एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में सिर्फ़ 25% की सीमित बढ़ोतरी की गई है. इससे काफी राहत मिली है. 

देखें- ATF में इजाफा, विदेश के लिए ज्यादा महंगी होगी हवाई यात्रा, घरेलू उड़ानों पर कम असर

पश्चिम एशिया संकट की वजह से सप्लाई में व्यवधानों के कारण वैश्विक ऊर्जा बाज़ार अभूतपूर्व उछाल का सामना कर रहे हैं. भारतीय एयरलाइनों के कुल ऑपरेशनल खर्चों का लगभग 40% आमतौर पर ईंधन होता है. यह उपाय सुनिश्चित करेगा कि भारतीय विमानन कंपनियों की घरेलू परिचालन लागत नियंत्रण में रहे और उद्योग पर संकट न आए. भारतीय एविएशन इंडस्ट्री ने भी इस रणनीतिक फैसले का स्वागत किया है. 

Advertisement
कृषि और किसान कल्याण की अतिरिक्त सचिव मनिंदर कौर द्विवेदी ने कहा कि सभी कृषि उत्पादों की थोक कीमतों पर भी नज़र रखी जा रही है. कुल मिलाकर ये कीमतें सामान्य दायरे में हैं, जैसा कि पिछले कुछ सालों से रहा है. टमाटर, प्याज़ और आलू जैसी मुख्य फ़सलों की कीमतें भी इसी दायरे में हैं और उनमें सुधार दिख रहा है. थोक स्तर पर भी कीमतों में सुधार का रुझान देखा जा रहा है. 

खरीफ सीजन के लिए पर्याप्त बीज

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय ने आगामी खरीफ सीजन के लिए सभी आवश्यक इनपुट्स की समीक्षा करके तैयारी सुनिश्चित की है. इसमें सबसे महत्वपूर्ण बीज है जिसकी पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है. राज्यों से चर्चा के बाद आकलन के अनुसार खरीफ सीजन के लिए कुल 166.46 लाख क्विंटल बीज की आवश्यकता होगी, जो देशभर में उपलब्ध है. 

देश के सभी राज्यों में बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. प्रमुख फसलों के लिए बीज उपलब्धता की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि धान के 80.9 लाख क्विंटल, सोयाबीन के 35.7 लाख क्विंटल, मूंगफली के 21.1 लाख क्विंटल, मक्का के 11.9 लाख क्विंटल और तूर, मूंग व उड़द के बीज भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं. उन्होंने बताया कि मक्का के हाइब्रिड बीज को सुखाने के लिए पिछले माह LPG की आवश्यकता को पेट्रोलियम मंत्रालय के तालमेल से पूरा करके पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया गया . 

मिडिल ईस्ट में सभी क्रू मेंबर सुरक्षित

पोत परिवहन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि एशिया में समुद्री सुरक्षा की सक्रिय निगरानी की जा रही है ताकि भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. विदेश मंत्रालय और अंतरराष्ट्रीय मिशनों के जरिए अधिकारियों ने पुष्टि की है कि क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित हैं. 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि कूटनीतिक मोर्चे पर भारत अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है. प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटन से बातचीत की. दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के अलावा पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और क्षेत्र में जल्द शांति व स्थिरता बहाल करने की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने बताया कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने 1,171 भारतीय नागरिकों, जिनमें 818 छात्र शामिल हैं, को ज़मीनी सीमा के रास्ते ईरान से आर्मेनिया और अज़रबैजान के जरिए सुरक्षित बाहर निकलने में मदद की. 

Advertisement

देखें- ईरान के खिलाफ जंग में अब UAE भी कूदेगा? अमेरिका की मदद और होर्मुज स्ट्रेट को खुलवाने के लिए बना रहा प्लान

Featured Video Of The Day
Chandigarh BJP Office Grenade Attack Video: चंडीगढ़ BJP दफ्तर के बाहर धमाके का वीडियो आया सामने