बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद दिख रहे हैं. हाल ही में भागलपुर में एग्जिक्यूटिव ऑफिस को दिनदहाड़े गोली मारने का मामला सामने आया था. वहीं अब सीवान में भी गोली मारने की खबर सामने आई है. सिवान नगर थाना क्षेत्र के ढाला स्थित कमला प्रेस के समीप बुधवार (29 अप्रैल) की देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कार सवार अज्ञात बदमाशों ने पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
वहीं इस घटना के बाद बताया जा रहा है जिस पिता-पुत्र को गोली लगी है. वह बीजेपी के पूर्व एमएलसी के बहनोई और भांजा है. घटना के बाद भांजे की मौत हो गई है.
अस्पताल पहुंचते ही पुत्र को मृत घोषित कर दिया गया
शाम को हुई गोली कांड के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पुत्र को मृत घोषित कर दिया. जबकि पिता की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया. मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर निवासी चंदन कुमार सिंह के पुत्र हर्ष सिंह के रूप में हुई है, जो पूर्व एमएलसी एवं कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के भांजे बताए जाते हैं. वहीं घायल की पहचान चंदन कुमार सिंह के रूप में हुई है जो मनोज कुमार के बहनोई है.
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस अधीक्षक, सदर एसडीपीओ, नगर थाना अध्यक्ष अविनाश कुमार, मुफस्सिल थाना अध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह सहित कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. जांच के बाद एसपी स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गए.
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है. इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़ेंः बिहार: दफ्तर से खींचकर दोपहर 3 बजे EO को मारी गोली, रात 2:30 बजे बदमाश का एनकांउटर














