हैदराबाद लिफ्ट हॉरर : 90 मिनट तक दीवार-लिफ्ट के बीच फंसा रहा शख्स, पैरों में हुआ फैक्चर

हैदराबाद में एक शख्स ने अपनी पत्नी के साथ दूसरी मंजिल पर जाने के लिए लिफ्ट ली, लेकिन जैसे ही वह उतरने लगा तो लिफ्ट अपने आप चलने लगी, जिसकी वजह से शख्स दीवार और लिफ्ट के बीच फंस गया. वह शख्स 90 मिनट तक वहां फंसा रहा, उसे देखने वालों की भी सांसें अटकी रहीं, लेकिन गनीमत ये रही कि उसे बचा लिया गया.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
लिफ्ट-दीवार के बीच 90 मिनट तक फंसा रहा शख्स

हैदराबाद के मूसापेट से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया जहां एक तीन मंजिला इमारत की दीवार और पुरानी लिफ्ट के बीच एक 40 साल का शख्स फंस गया.  गनीमत ये रही कि उसे काफी मशक्कत के बाद आखिर बचा लिया गया, लेकिन 90 मिनट तक वह शख्स बुरी तरह फंसकर वहीं अटका रहा. पीड़ित की पहचान मुरली के रूप में हुई है, वह अपनी पत्नी के साथ ग्राउंड फ्लोर से दूसरी मंजिल पर जा रहे थे, जैसे ही वह लिफ्ट से बाहर निकले, लिफ्ट अचानक ऊपर की ओर चलने लगी. किसी ने तीसरी मंजिल से बटन दबा दिया था. उनका एक पैर लिफ्ट के अंदर रह गया जबकि दूसरा लैंडिंग पर था, जिसकी वजह से वह दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच की ग्रिल में फंस गए.

सुबह करीब 9:15 पर बिल्डिंग में रहने वाले लोगों ने हैदराबाद डिजास्टर रिस्पांस और संपत्ति संरक्षण एजेंसी (HYDRAA) को सूचना दी. मार्शल जेडीवी प्रसाद के नेतृत्व में आपदा प्रतिक्रिया बल की एक टीम सुबह 9:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची. बचाव दल को उस शख्स को निकालने के लिए लिफ्ट का एक हिस्सा तोड़ना पड़ा और उन्होंने हाइड्रोलिक कटर का इस्तेमाल करके मुरली को बाहर निकाला. इस पूरे अभियान में  लगभग 90 मिनट लग गए.  उन्हें करीब 10:50 बजे बाहर निकाला गया. दीवार और लिफ्ट के बीच बुरी तरह फंसे होने के कारण उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया है. फिलहाल वह स्थानीय अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना के पीछे वजह को लेकर HYDRAA के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना एक पुरानी लिफ्ट से संबंधित थी, जिसके सेंसर कथित तौर पर ठीक से काम नहीं कर रहे थे.

ये VIDEO भी देखें-

केरल में भी 1 घंटे तक लिफ्ट में फंसा रहा युवक

हाल ही में केरलम में पलक्कड के वडक्केनचेरी में दमकल एवं बचाव सेवा कर्मियों ने बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण एक घंटे से अधिक समय तक लिफ्ट में फंसे रहे एक युवक को शनिवार को सुरक्षित बाहर निकाला था, अधिकारियों के अनुसार, यहां किझक्केनचेरी निवासी महेश एक इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर बने जिम में गया था, शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे केएसईबी की बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद महेश लिफ्ट में फंस गया था. उन्होंने बताया कि कुछ देर इंतजार करने के बाद उसने मदद के लिए आवाज लगाई, जिससे बाहर मौजूद लोगों को उसके लिफ्ट में फंसे होने का पता चला. अधिकारियों ने बताया कि जिम में मौजूद लोगों ने लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके. इसके बाद लोगों ने वडक्केनचेरी दमकल केंद्र को सूचना दी. अधिकारियों ने बताया कि दमकल एवं बचाव सेवा के कर्मी जल्द ही मौके पर पहुंचे और हाइड्रोलिक उपकरण की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोलकर युवक को बाहर निकाला.

गुजरात के सूरत में भी लिफ्ट हादसा हुआ था

वहीं कुछ महीने पहले गुजरात के सूरत में भी लिफ्ट हादसा हो गया. वेसु इलाके के आशीर्वाद कॉम्प्लेक्स में बीच मंजिल में लिफ्ट अटक गई थी, जिसके चलते बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर के बीच 11 लोग फंस गए थे, जिसमें 9 महीने का मासूम बच्चा भी शामिल था.  11 लोगों के एक साथ फंसे होने के कारण वहां घुटन और डर का माहौल पैदा हो गया था, हालांकि रेस्क्यू करके सभी 11 लोगों को बाहर निकाल लिया गया था.
 

Advertisement
Featured Video Of The Day
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में क्यों मचा हंगामा?

Topics mentioned in this article
Hyderabad News
Lift Accident