नानी ने नाती पर डाला गर्म पानी, कहीं हुई जबरदस्त मारपीट... होली पर देशभर से हैरान करने वाली घटनाएं

देशभर से मारपीट, लूट, चोरी, आपसी विवाद और सनसनीखेज घटनाओं की कई रिपोर्टें सामने आईं. कहीं रंग लगाने को लेकर विवाद बढ़ा, तो कहीं घरों में घुसकर लूटपाट हुई. कई जगह छोटे-छोटे मतभेद अचानक हिंसक टकराव में बदल गए और पुलिस को हालात काबू में करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • होली के दौरान रंग लगाने और विवादों के कारण देश के कई हिस्सों में हिंसा, झगड़े और अपराध की घटनाएं सामने आईं
  • नागपुर में नानी ने गुस्से में अपने चार वर्षीय पोते पर उबलता पानी डालकर उसे गंभीर रूप से झुलसाया
  • अलीगढ़ में होली मिलने के बहाने बदमाशों ने स्क्रैप कारोबारी के घर घुसकर लाखों रुपये नकद और आभूषण लूटे
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

होली का त्योहार रंगों और खुशियों का प्रतीक है, लेकिन कई जगहों पर यह पर्व हिंसा, झगड़ों और अपराध की घटनाओं से दागदार हो गया. देशभर से मारपीट, लूट, चोरी, आपसी विवाद और सनसनीखेज घटनाओं की कई रिपोर्टें सामने आईं. कहीं रंग लगाने को लेकर विवाद बढ़ा, तो कहीं घरों में घुसकर लूटपाट हुई. कई जगह छोटे-छोटे मतभेद अचानक हिंसक टकराव में बदल गए और पुलिस को हालात काबू में करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा.

रंग डालने पर नानी को आया गुस्सा, आपा खोकर नानी पर डाला उबलता गर्म पानी, नागपुर की घटना, सीसीटीवी फुटेज अब आया सामने

पारस डामा की रिपोर्ट
नागपुर के कोराडी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां होली खेलते समय रंग डालने पर नाराज नानी ने अपने 4 वर्षीय पोते ओम हरीश वांगे पर उबलता हुआ गर्म पानी डाल दिया. यह पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और अब वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. खेलते हुए ओम ने नानी सिंधु ठाकरे पर पिचकारी से रंग डाल दिया था. इसी बात से गुस्सा होकर नानी ने बाल्टी में मौजूद खौलता पानी बच्चे पर पलट दिया. उबलते पानी से ओम बुरी तरह झुलस गया और उसकी कमर के नीचे का हिस्सा गंभीर रूप से प्रभावित हुआ. बच्चा लगभग 45% तक झुलस चुका है और एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है. इलाके में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है. वायरल CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. (यहां पढ़ें पूरी खबर) 


==================

अलीगढ़ में दिनदहाड़े डकैती: होली खेलने आए बदमाशों ने दंपति को बंधक बनाकर लूटे लाखों - (रिपोर्टर अदनान खान)

अलीगढ़ में दिनदहाड़े एक बड़ी डकैती ने सनसनी फैला दी. होली मिलने के बहाने चार बदमाश स्क्रैप कारोबारी विनोद कुमार के घर में घुसे और अचानक तमंचा व चाकू दिखाकर दंपति को बंधक बना लिया. बदमाश घर से लाखों रुपये नकद और आभूषण लूटकर फरार हो गए. दोपहर लगभग एक बजे हुई इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां दर्ज बताई जा रही हैं. सूचना पर देहलीगेट थाने और घुडियाबाग चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए. पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया है. पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. 
 

=============

किशनगंज में होली पर रंग लगाने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट, कई लोग घायल, वीडियो सोशल मीडिया में वायरल- (रिपोर्टर शबनम खान)

किशनगंज में होली के दौरान रंग लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हाथापाई में बदल गया. बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई, जिसमें कई लोग घायल हुए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सूचना मिलते ही किशनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तुरंत दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति नियंत्रित की और इलाके में शांति बहाल कराई. बताया जा रहा है कि विवाद की वजह पुरानी रंजिश या रंग लगाने को लेकर शुरू हुई बहस थी, जो अचानक मारपीट में बदल गई. घटना शहर के वार्ड संख्या 31 स्थित मुड़ीबस्ती की है. 

 ==============

सतना में होली पर 2 पक्षों में हिंसक झड़प, घर में पथराव गाड़ियों में तोड़फोड़, भाजपा पार्षद सहित 10 पर मामला दर्ज (रिपोर्टर ज्ञान शुक्ला)

सतना में मंगलवार को दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद अचानक मारपीट और पथराव में बदल गया. आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने प्रजापति परिवार के घर में घुसकर हमला किया, जिसमें लाठी‑डंडों और पत्थरों का इस्तेमाल किया गया. घटना में घर के बाहर खड़ी चार गाड़ियों में तोड़फोड़, बिजली मीटर क्षतिग्रस्त करने और एक बाइक को नुकसान पहुंचाने की बात सामने आई है. विवाद की शुरुआत तब हुई, जब हरिजन कॉलोनी के कुछ लोग कथित रूप से नशे की हालत में गाली-गलौच कर रहे थे और उसी दौरान प्रजापति परिवार के घर के सामने पहुंच गए. घर के एक युवक द्वारा इसका विरोध करने पर कहासुनी बढ़ी और मामला मारपीट में तब्दील हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और स्थिति बेकाबू हो गई. सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण करते हुए शांति बहाल की. पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर भाजपा पार्षद गोल्डी मलिक सहित 10 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पार्षद को गिरफ्तार कर लिया गया है.   


================

बादशाह बनकर ली अंतिम विदाई, बादशाह सवारी के दौरान हार्ट अटैक से चंद्रप्रकाश अग्रवाल का निधन, शहर में शोक की लहर (रिपोर्टर दिलीप चौहान)


ब्यावर शहर में आयोजित ऐतिहासिक बादशाह मेले के दौरान उत्सव का माहौल उस समय शोक में बदल गया, जब बादशाह की भूमिका निभा रहे चंद्रप्रकाश अग्रवाल का शाही सवारी के दौरान अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया. वे पिछले साल भी बादशाह बने थे और इस बार भी पूरे उत्साह के साथ सवारी का नेतृत्व कर रहे थे. सवारी जब महादेव जी की छतरी के पास पहुंची, तभी उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ. लोगों ने तुरंत सवारी रोकी और एम्बुलेंस की मदद से उन्हें अमृतकौर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. उनके निधन की खबर फैलते ही मेले में शोक की लहर दौड़ गई. प्रशासन ने तुरंत डीजे बंद कराने के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय में होने वाला गुलाल युद्ध कार्यक्रम भी रद्द कर दिया. केवल औपचारिक फरमान जारी कर मेले के समापन की घोषणा की गई. 

Advertisement
Featured Video Of The Day
IND vs ENG, T20 World 2026: फाइनल के टिकट के लिए भारत-इंग्लैंड आमने-सामने, कौन मारेगा बाजी?