Gurugram Wife Murder Case: गुरुग्राम के बजघेड़ा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली कहासुनी ने एक महिला की जान ले ली. घरेलू विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर गैस सिलेंडर से हमला कर उसकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया. इस घटना ने इलाके में दहशत और हैरानी दोनों फैला दी है.
गुरुग्राम से साहिल मनचंदा की रिपोर्ट...
कमरे में मिला खून से लथपथ शव
घटना गुरुग्राम के साहिब कुंज, चौमा फाटक के पास स्थित एक किराये के कमरे में हुई. यहां रहने वाली महिला गुंजन का शव कमरे के अंदर खून से सना हुआ मिला. जैसे ही मकान मालिक को इसकी जानकारी हुई, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची बजघेड़ा थाना पुलिस की टीम ने ‘सीन ऑफ क्राइम' यूनिट और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स के साथ जांच शुरू की. शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हो गया कि गुंजन की हत्या गैस सिलेंडर से सिर पर वार करके की गई है.
चार दिन पहले ही लिया था कमरा किराए पर
पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार के अनुसार, आरोपी सुनील ने 20 मार्च को यह कमरा किराए पर लिया था. 23 मार्च की रात किसी बात को लेकर पति‑पत्नी के बीच तीखी बहस हुई. बहस धीरे‑धीरे हिंसा में बदल गई और गुस्से में सुनील ने कमरे में रखा गैस सिलेंडर उठाकर पत्नी के सिर पर वार कर दिया. चोट इतनी गंभीर थी कि गुंजन की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद सुनील फरार हो गया था.
पुलिस की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड्स और खुफिया जानकारी की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की. लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 26 मार्च को सुनील को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि विवाद किस वजह से इतना बढ़ गया कि हत्या तक बात पहुंच गई.














