उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पेट्रोल की किल्लत की अफवाहों के बीच एक मैकेनिक अपनी पल्सर बाइक पर ‘डबल टंकी' लगवाकर पेट्रोल पंप पहुंच गया. इस अनोखे जुगाड़ ने लोगों का ध्यान खींच लिया, वहीं शहर में अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ और लंबी कतारें देखने को मिलीं.
अफवाहों ने बढ़ाई भीड़, पंपों पर लगी लंबी लाइनें
गोरखपुर में बुधवार शाम अचानक यह अफवाह फैल गई कि आने वाले दिनों में पेट्रोल नहीं मिलेगा. इसके बाद लोग बड़ी संख्या में अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए. 200, 500 और 1000 रुपये तक का पेट्रोल भरवाने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग गईं. हालात ऐसे हो गए कि कई पंपों पर घंटों इंतजार के बाद भी लोगों को पेट्रोल मिला, जबकि कुछ जगहों पर स्टॉक खत्म होने की भी स्थिति बन गई.
‘डबल टंकी' वाला जुगाड़ बना चर्चा का विषय
इसी अफरा-तफरी के बीच टाउन हॉल स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक मैकेनिक अपनी पल्सर बाइक में दो टंकियां लगवाकर पेट्रोल भरवाने पहुंचा. इस ‘डबल टंकी' जुगाड़ को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने इसे कालाबाजारी की आशंका से जोड़ा, लेकिन युवक ने सफाई देते हुए कहा कि काम की व्यस्तता और बार-बार लाइन में लगने से बचने के लिए उसने ऐसा किया है.
LPG संकट के बाद बढ़ी चिंता
पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के असर से पहले ही LPG की सप्लाई को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है. कई जगहों पर गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारें देखी जा रही हैं और कुछ होटल-रेस्टोरेंट भी प्रभावित हुए हैं. इसी माहौल में पेट्रोल को लेकर फैली अफवाह ने लोगों में और ज्यादा डर पैदा कर दिया.
DM दीपक मीणा खुद देर रात सड़कों पर उतरे
स्थिति बिगड़ती देख गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा खुद देर रात सड़कों पर उतरे और लोगों से अपील की. उन्होंने साफ कहा कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है.
डीएम ने कहा कि अनावश्यक घबराहट (अननेसेसरी पैनिक) से ही अफवाह फैलती है, जिससे सप्लाई चेन पर असर पड़ सकता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सामान्य दिनों की तरह ही पेट्रोल लें और अफवाहों पर ध्यान न दें.
अफवाहों से बना संकट जैसा माहौल
हालांकि प्रशासन के आश्वासन के बावजूद अफवाहों के चलते शहर में कुछ समय के लिए संकट जैसे हालात बन गए. लोग घंटों लाइन में खड़े रहे और कई पंपों पर भीड़ का दबाव साफ देखने को मिला. फिलहाल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है और लोगों से संयम बरतने की अपील की है.
‘पहले हम' की जंग! पंप पर भिड़े दो गुट, मारपीट का वीडियो वायरल
गोरखपुर के गोरखनाथ क्षेत्र स्थित सुभाष चंद्र बोस नगर कॉलोनी के अवध पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने के लिए भारी भीड़ उमड़ी हुई थी. LPG संकट के बाद पेट्रोल को लेकर भी लोगों में डर का माहौल है, जिसके चलते पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं. इसी दौरान लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंच गया. पेट्रोल पंप के मैनेजर सुभाष मिश्रा के अनुसार, रात के समय पंप पर काफी भीड़ थी. इसी बीच कुछ लोग जल्दी पेट्रोल भराने को लेकर आपस में उलझ गए. स्थिति बिगड़ते देख पंप मालिक और स्टाफ को खुद बाहर आकर बीच-बचाव करना पड़ा, जिसके बाद किसी तरह मामला शांत कराया गया.














