गोवा के एक पार्षद के बेटे से जुड़े कथित यौन कांड की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. अब तक मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने दो बहनों समेत कई पीड़ितों का शोषण किया, जिनमें से एक नाबालिग भी है. पुलिस ने रविवार को बताया कि इस मामले में पीड़ितों की संख्या बढ़ सकती है और अन्य संभावित पीड़ितों तक पहुंचने की कोशिश जारी है.
चार महिलाओं ने दर्ज कराई शिकायत
कुर्चोरेम पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय आरोपी सोहम नाइक के खिलाफ अब तक उसकी प्रेमिका सहित चार महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई है. अधिकारियों ने बताया कि इन चार महिलाओं में से दो नाबालिग हैं, जिन्होंने आरोपी पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं.
विरोध प्रदर्शन के बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 22 मार्च को कई लड़कियों के साथ बलात्कार करने और उनके अश्लील वीडियो प्रसारित करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. यह कार्रवाई कुर्चोरेम पुलिस थाने के बाहर स्थानीय लोगों के विरोध प्रदर्शन के बाद की गई.
क्राइम ब्रांच कर रही है जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को अपराध शाखा को सौंप दिया गया है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी फिलहाल अपराध शाखा की हिरासत में है और मामले की जांच जारी है. अधिकारी के अनुसार, दो बहनों ने जिनमें एक नाबालिग है. पुलिस के सामने गवाही देते हुए आरोपी पर बलात्कार का आरोप लगाया है.
मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया
जांच से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि वायरल किए गए कथित वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा सके. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. वहीं, सत्तारूढ़ भाजपा ने स्पष्ट किया है कि आरोपी और उसके राजनेता पिता का पार्टी से कोई संबंध नहीं है.














