Bihar: नगर परिषद ऑफिस में घुसकर कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या, सभापति को भी मारी गोली

भागलपुर के सुल्तानगंज में दिनदहाड़े अपराधियों ने नगर परिषद ऑफिस में घुसकर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर की गोली मार कर हत्या कर दी, जबकि सभापति को भी गोली मार दी. इस घटना पर तेजस्वी यादव ने सरकार पर तंज कसा है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सुलतानगंज में दिनदहाड़े हत्या
Bihar News:

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार (28 अप्रैल) को उस वक्त कोहराम मच गया, जब अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग कर नगर सभापति राज कुमार गुड्डू और कार्यपालक पदाधिकारी (Executive Officer) कृष्णा भूषण कुमार को लहुलुहान कर दिया. इस दुस्साहसिक हमले के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार होने में सफल रहे. वहीं घटना के बाद कार्यालय परिसर में चीख-पुकार मच गई और सभी कर्मचारी और वार्ड पार्षद आनन-फानन में दोनों घायलों को लेकर सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचे.

कार्यपालक पदाधिकारी को लगी तीन गोली

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर कुंदन भाई पटेल ने दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया. वहीं बताया जा रहा है कि कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार को शरीर में तीन गोलियां लगी थीं और भागलपुर ले जाने के क्रम में उनकी मृत्यु हो गई. जबकि नगर सभापति राज कुमार गुड्डू के सिर में गोली लगी है, जिससे उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है.

हालांकि पुलिस की ओर से बताया जा रहा है कि नगर सभापति राज कुमार गुड्डू का इलाज चल रहा है और अब वह खतरे से बाहर हैं.

पुरानी रंजीश की बात आ रही सामने

वारदात की सूचना मिलते ही प्रशिक्षु एसपी सायम रजा और इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने नगर परिषद कार्यालय को पूरी तरह सील कर दिया है और मामले की सघन छानबीन शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच और स्थानीय सूत्रों के हवाले से यह बात सामने आ रही है कि इस खूनी संघर्ष के पीछे सभापति और उपसभापति के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश हो सकती है.

Advertisement

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और चश्मदीदों के बयान दर्ज करने में जुटी है ताकि अपराधियों की शिनाख्त की जा सके. हालांकि पुलिस का कहना है कि अपराधी लोकल है, जिसे तुरंत पकड़ लिया जाएगा. लेकिन इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.

तेजस्वी यादव ने कसा तंज

इस घटना के बाद बिहार के नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोला है. तेजस्वी यादव ने राज्य में बढ़ते हुए अपराध को लेकर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि जब अपराधियों का ही राज्य में सीएम है तो बीजेपी राज में हत्या होना अब मंगलराज की श्रेणी में आता है.

Advertisement

बता दें, बिहार में लगातार हत्या के मामले सामने आ रहे हैं. जिसके बाद सियासत और भी तेज हो गई है.

Featured Video Of The Day
IPS अजय पाल की चेतावनी से बौखलाया TMC प्रत्याशी जहांगीर, बोला- वो सिंघम तो मैं पुष्पा