दिल्ली में 3 दिनों से खुले आसमान और खिली धूप के बाद मौसम फिर बदलने वाला है. आज सुबह भी आसमान साफ है, लेकिन तेज हवाओं से गुलाबी ठंड का अहसास होगा. जबकि अगले पांच दिनों में दिल्ली में बादल रहने के आसार हैं. साथ ही सुबह के वक्त थोड़ा कोहरा भी दिखाई देगा. मौसम विभाग ने पश्चिम हिमालय क्षेत्र में 6 फरवरी और फिर 9 से 11 फरवरी तक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई है, इससे कुछ जगहों पर बारिश और बर्फबारी का दौर आ सकता है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब-हरियाणा से लेकर मध्य प्रदेश में अगले 2-3 दिनों में तेज हवाएं चलने के आसार हैं. वहीं गर्मी भी अगले कुछ दिनों में बढ़ने का अनुमान है.
- 11- 13 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा न्यूनतम तापमान दिल्ली में 5 दिनों में
- 23 से 25 डिग्री तक रहेगा अधिकतम तापमान दिल्ली में इस दौरान
- 9 से 11 फरवरी तक फिर पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है. उत्तराखंड में 7 फरवरी को और हिमाचल प्रदेश में 8 फरवरी को सुबह और रात के वक्त कुछ जगहों पर घना कोहरा पड़ने की चेतावनी जारी की गई है.
Delhi Weather
10 फरवरी को खासतौर पर कश्मीर रीजन में बारिश और बर्फबारी से मौसम बदलने वाला है. वहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने वाली हैं. जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में 9 से 11 फरवरी तक बारिश बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
दिल्ली में इससे पहले 23 और 27 जनवरी को बारिश देखने को मिली थी, जबकि उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर पश्चिम भारत में 23 से 27 तारीख के बीच बारिश, बिजली चमकने और बादल गरजने से मौसम बदला था, कई स्थानों पर ओले भी गिरे थे. हालांकि आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मैदानी इलाकों में क्या असर होगा, ये आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा.














