वक्त से पहले मौत, डायबिटीज और अस्थमा का खतरा... इसके साथ ही दिमाग, फेफड़ों और हृदय प्रणाली पर बुरा असर. आसान भाषा में कहें तो दिल्ली के वायु प्रदूषण ने शरीर के करीब हर अंग और हिस्से पर किसी न किसी तरह का असर डाला है. इसलिए, यह जरूरी है कि हम इसे कोरोनावायरस (COVID) जैसी बीमारी की तरह ही समझें. यानी वायु प्रदूषण से बचने के लिए कोविड जैसी ही सावधानियां बरतें. WHO यानी विश्व स्वास्थ्य संगठन की पूर्व चीफ साइंटिस्ट डॉ. सौम्या स्वामीनाथन का कहना है कि यह भी COVID की तरह ही एक बहुत बड़ी पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी है.
डॉ. स्वामीनाथन कहती हैं, "फर्क बस इतना है कि वायरस से फैलने वाला कोरोना वायरस अचानक सामने आ था. उस वक्त एक अनजान खतरे को लेकर बहुत ज्यादा डर था. यह अचानक हुआ, साफ तौर पर दिखाई दे रहा था और लोगों की जान आपकी आंखों के सामने जा रही थी."
दूसरी तरफ, वायु प्रदूषण सर्दियों के मौसम को छोड़कर ज्यादातर दिनों में दिखाई नहीं देता है.
NDTV के साथ एक खास बातचीत में डॉ. स्वामीनाथन ने तफसील से बताया कि कैसे हम प्रदूषण से होने वाले उस नुकसान को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिसे ठीक नहीं किया जा सकता और इस तरह हम पूरी एक पीढ़ी की सेहत को दांव पर लगा रहे हैं.
वायु प्रदूषण का असर बच्चों पर गर्भ के वक्त से ही शुरू हो जाता है. इसके बारे में बात करते हुए डॉ. स्वामीनाथन कहती हैं कि जिंदगी के शुरुआती वर्षों में जब बच्चे का शारीरिक और मानसिक विकास सबसे तेजी से होता है, तब पोषण, सही माहौल और देखभाल के साथ-साथ यह भी बहुत मायने रखता है कि बच्चा किस तरह के वातावरण में बड़ा हो रहा है.
डॉ. सौम्या स्वामीनाथन
डॉ. स्वामीनाथन ने आगे बताया कि जिंदगी के पहले तीन साल में बच्चों का दिमाग बहुत तेजी से विकसित होता है. साथ ही, इस दौरान उनके अंग विकसित हो रहे होते हैं, जिस वजह से वे बड़ों की तुलना में तेजी से सांस लेते हैं. यही वजह है कि जो बच्चे बहुत ज्यादा प्रदूषण वाले इलाकों में बड़े होते हैं, उनके फेफड़े छोटे रह जाते हैं.
लंबे वक्त तक जहरीली हवा के संपर्क में रहने से होने वाली बीमारियों को अक्सर अन्य वजहों के साथ मिला दिया जाता है, क्योंकि इन्हें अलग से गिनने का कोई तरीका नहीं है. डॉ. स्वामीनाथन ने कहा, "ऐसा कोई डेथ सर्टिफिकेट नहीं है, जिस पर 'वायु प्रदूषण' लिखा हो." उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इससे निपटने के लिए भी COVID की तरह ही 'समान, तत्काल, समन्वित और वैज्ञानिक' कदम उठाए जाने चाहिए.
'AQI से AHQI की ओर बदलाव...'
भारत में AQI की सीमाएं, WHO द्वारा तय की गई सीमाओं की तुलना में काफी ज्यादा हैं. वैश्विक स्वास्थ्य संस्था के मुताबिक, PM 2.5 का कोई भी स्तर सुरक्षित नहीं होता है. WHO की पूर्व मुख्य वैज्ञानिक ने सामान्य एक्यूआई से हटकर 'एयर क्वालिटी हेल्थ इंडेक्स' (AHQI) अपनाने का सुझाव दिया है, जो प्रदूषकों को स्वास्थ्य पर उनके प्रभाव के आधार पर देखता है.
AQI एक पब्लिक हेल्थ उपकरण है, जिसे वायु प्रदूषण के स्तर या हवा की क्वालिटी को सरल शब्दों में बताने के लिए डिजाइन किया गया है. CPCB के मुताबिक, किसी इलाके का AQI तय करने के लिए आठ प्रदूषकों को मुख्य पैमाना माना जाता है- पार्टिकुलेट मैटर (PM) 10, PM 2.5, ओजोन (O3), सल्फर डाइऑक्साइड (SO2), नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO2), कार्बन मोनोऑक्साइड (CO), लेड (Pb) और अमोनिया (NH3).
डॉ. स्वामीनाथन इस व्यवस्था में बदलाव का सुझाव दे रही हैं. वे कहती हैं, "हो सकता है कि आपके शहर में ओजोन मुख्य प्रदूषक हो, जिसका गर्भवती महिला और छोटे बच्चे पर अलग-अलग असर पड़ सकता है. किसी दूसरे शहर में यह PM2.5 हो सकता है, तो कहीं और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड."
उन्होंने एक ऐसे AHQI (एयर हेल्थ क्वालिटी इंडेक्स) को बनाने का सुझाव दिया है, जिसका इस्तेमाल शहर और राज्य, नीति-निर्माताओं और आम जनता दोनों को जानकारी देने के लिए कर सकें.
बच्चों की सुरक्षा और वायु प्रदूषण पॉलिसी
स्कूल बंद करने, मास्क लगाने और एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करने जैसी बातें आजकल चर्चा का मुद्दा बनी हुई हैं, लेकिन गरीब परिवारों के बच्चे शायद ही इस तरह की सुरक्षा का खर्च उठा सकें. बच्चों की सेफ्टी के लिए तुरंत एक साइंटिफिक पॉलिसी बनाने पर चर्चा करते हुए डॉ. स्वामीनाथन ने कहा कि वे स्कूलों को बंद करने के पक्ष में नहीं हैं.
डॉ. सौम्या स्वामीनाथन
डॉ. स्वामीनाथन ने स्कूल के माहौल को साफ-सुथरा बनाने का सुझाव दिया. इसमें क्लासेज में एयर प्यूरीफायर लगाना, सभी छात्रों के लिए स्कूल बस उपलब्ध कराना और बड़े बच्चों को बाहर रहने के दौरान मास्क पहनने के लिए कहना शामिल है.
अपनी बात खत्म करते हुए, डॉ. स्वामीनाथन ने इस बात पर सहमति जताई कि साफ हवा के अधिकार को पब्लिक हेल्थ के एक बुनियादी अधिकार के रूप में देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा, "जीवन का अधिकार एक संवैधानिक अधिकार है और हम जिस हवा में सांस लेते हैं, वही हमें जिंदा रखती है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं