- चेन्नई के एग्मोर और मन्नाडी इलाके के बीच शराब पीने के बाद दो दोस्तों के बीच विवाद हुआ था
- नितीश बालाजी ने महिलाओं के पास सार्वजनिक स्थान पर पेशाब किया, जिससे एक महिला नाराज हो गई थी
- तीन युवकों ने नितीश और उसके दोस्त कलैसेल्वन पर हमला किया, जिसमें कलैसेल्वन की मौत हो गई थी
चेन्नई में शराब पीकर एक महिला के पास खड़ा होकर पेशाब करना एक शख्स को भारी पड़ा. गुस्साई भीड़ ने पीट-पीटकर इस शख्स की जान ले ली. इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. मृतक की पहचान ड्राइवर कलैसेल्वन के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि यह घटना एग्मोर और मन्नाडी इलाके के बीच हुई. 30 साल के कलैसेल्वन अपने दोस्त नितीश बालाजी के साथ एग्मोर में शराब पीने गया था. शराब पीने के बाद दोनों रैपिडो कार से मन्नाडी की ओर जा रहे थे. रास्ते में जब वे एक प्लेटफॉर्म के पास पहुंचे, तो वहां कुछ महिलाएं सो रही थीं. उसी दौरान नितीश बालाजी ने कथित तौर पर उनके पास पेशाब कर दिया.
मोटरसाइकिल पर 3 लड़के आए और हमला कर दिया
नितीश की इस हरकत से एक महिला की नींद खुल गई और उसे बेहद गुस्सा आ गया. महिला ने नितीश की हरकत का विरोध किया, लेकिन वह नशे में कुछ सुनने को तैयार नहीं था. धीरे-धीरे नितीश और महिला में बहस काफी बढ़ गई. इस बीच मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे. पुलिस के मुताबिक, उन्होंने नितीश पर हमला कर दिया. इन्होंने नितीश और कलैसेल्वन की जमकर पिटाई कर दी.
कलैसेल्वन को दोस्त को बचाना पड़ा भारी
तीन युवकों ने जब नितीश पर हमला किया, जब कलैसेल्वन ने दोस्त को बचाने के लिए बीच-बचाव किया. इसके बाद इन तीनों युवकों ने कलैसेल्वन पर भी हमला कर दिया. मारपीट के दौरान कलैसेल्वन गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा. इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए. इन्हें समझ में आ गया था कि कोई अनहोनी हो गई है. कुछ समय बाद कलैसेल्वन के बड़े भाई को घटना की जानकारी मिली. उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और बताया कि उनका भाई सड़क पर बेहोशी की हालत में मिला था. उसे तुरंत स्टेनली सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें :- बॉस बार-बार 'आलू' कहकर चिढ़ाता था, महिला ने कर दिया केस, कंपनी को देना पड़ा 29 लाख का जुर्माना
पुलिस के हत्थे चढ़े तीनों अरोपी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और लोगों से पूछताछ की गई. जांच के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों की पहचान मोहम्मद फत्ताह, अब्दु बशीथ और अब्दुल फहीन के रूप में की. एक अन्य संदिग्ध मोहम्मद अफराहक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें :- देखी नहीं होगी चोरी की ऐसी तरकीब! हैदराबाद के बड़े अस्पताल में हो गया खेल, Video से खुली पोल














